झुंझुनूं के खेतड़ी में 8वीं-12वीं शताब्दी की सभ्यता के मिले अवशेष, पुरातत्व विभाग ने शुरू किया उत्खनन

खुदाई कार्य में जुटे पुरातत्व विभाग के सदस्य विनीत ने बताया कि उत्खनन के लिए पांच-पांच मीटर के कुल आठ ट्रेंच बनाए गए हैं और अलग-अलग स्थानों पर चरणबद्ध तरीके से खुदाई की जा रही है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Rajasthan: झुंझुनूं जिले के खेतड़ी उपखंड के रामपुरा क्षेत्र में जमीन के नीचे दबी प्राचीन सभ्यता के अवशेष मिलने के संकेत मिले हैं. प्रारंभिक जांच में यह सभ्यता 8वीं से 12वीं शताब्दी के बीच की मानी जा रही है. इस ऐतिहासिक खोज के बाद पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग ने क्षेत्र में वैज्ञानिक तरीके से उत्खनन कार्य शुरू कर दिया है.

पुरातत्व विभाग की टीम ने पहले झाड़ियों की सफाई कर क्षेत्र को तैयार किया और उसके बाद वैज्ञानिक पद्धति से खुदाई का काम शुरू किया. उत्खनन के दौरान पत्थरों के स्तंभ, दीवारों और अन्य स्थापत्य संरचनाओं के अवशेष सामने आने लगे हैं, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि यह क्षेत्र अपने समय का एक विकसित और सुनियोजित नगर रहा होगा.

Advertisement

उत्खनन के लिए पांच-पांच मीटर के कुल आठ ट्रेंच बनाए गए हैं

खुदाई कार्य में जुटे पुरातत्व विभाग के सदस्य विनीत ने बताया कि उत्खनन के लिए पांच-पांच मीटर के कुल आठ ट्रेंच बनाए गए हैं और अलग-अलग स्थानों पर चरणबद्ध तरीके से खुदाई की जा रही है. अब तक करीब तीन फीट तक खुदाई पूरी हो चुकी है, जिसमें प्राचीन संरचनाओं के कई अवशेष मिले हैं. टीम का लक्ष्य मकानों के फर्श तक पहुंचना है, जिसके लिए उत्खनन कार्य लगातार जारी है.

पुरातत्व से जुड़े विशेषज्ञों की दिलचस्पी बढ़ी 

प्रारंभिक अध्ययन के आधार पर विशेषज्ञों का मानना है कि यहां एक व्यवस्थित नगर बसावट थी, जहां आवासीय ढांचे और मजबूत स्थापत्य शैली मौजूद थी. हालांकि अवशेषों की प्रयोगशाला में जांच और वैज्ञानिक परीक्षण के बाद ही इसकी सटीक कालावधि और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि की पुष्टि हो सकेगी. इस खोज के बाद क्षेत्र में इतिहास और पुरातत्व से जुड़े विशेषज्ञों की दिलचस्पी बढ़ गई है. विभाग का कहना है कि खुदाई के दौरान मिले अवशेषों के आधार पर इस प्राचीन सभ्यता के बारे में और महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं.

यह भी पढ़ें- फलोदी: मारपीट केस की MLC रिपोर्ट के बदले डॉक्टर ने मांगी 7 हजार रिश्वत, ACB ने रंगे हाथ दबोचा