बाबा रामदेव जी के मेले के लिए रोडवेज ने कसी कमर, चलेंगी 60 स्पेशल बस और टिकटों में 50% डिस्काउंट

28 अगस्त से 26 सितंबर तक चलने वाले बाबा रामदेव के मेले के दौरान जोधपुर डिपो से मेला स्पेशल के तौर पर अलग मार्गों पर कई बसें चलाई जाएंगी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
बाबा रामदेव जी का मेला 28 अगस्त से 26 सितंबर तक चलेगा
NDTV

पश्चिमी राजस्थान का महाकुंभ कहे जाने वाले लोक देवता बाबा रामदेव जी के मेले को लेकर राजस्थान रोडवेज ने कमर कस ली है. लाखों की संख्या में बाबा के दर्शन करने आने वाले उनके भक्तों के बेहतर आवागमन के लिए पहले से प्रबंध किए गए हैं. इस बार करीब 70 हजार से अधिक जातरुओं  (यात्रियों) के लिए 60 से अधिक रोडवेज बसों की व्यवस्था की जा रही है.  साथ ही इन बसों में 50 प्रतिशत तक टिकट में रियायत की भी व्यवस्था रहेगी. इस वर्ष पिछले की तुलना में बाबा के भक्तों की अधिक संख्या आने की संभावना जताई जा रही है. मेले में न सिर्फ राजस्थान बल्कि मध्यप्रदेश और गुजरात समेत देश-प्रदेश से श्रद्धालु आते हैं. बाबा रामदेव जी के दर्शन करने के लिए रामदेवरा जाने से पहले बाबा के भक्त जोधपुर में स्थित बाबा के गुरु बालीनाथ जी के दर्शन करने के बाद ही रामदेवरा के लिए जाते हैं.  

रोडवेज का स्पेशल प्लान

हर वर्ष भाद्रपद में लाखों की संख्या में बाबा के भक्त धार्मिक नगरी जोधपुर में आते हैं. इस बार रोडवेज विभाग ने गत वर्ष की तुलना में बसों की संख्या में भी इजाफा किया है.  हर वर्ष लोक देवता बाबा रामदेव जी के मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रोडवेज विभाग ने पूरा विस्तृत प्लान तैयार कर लिया है.

Advertisement

जोधपुर डिपो के मुख्य प्रबंधक उमेद सिंह सांधू ने एनडीटीवी से बात करते हुए बताया कि इस बार 28 अगस्त से 26 सितंबर तक चलने वाले मेले के दौरान जोधपुर डिपो से अलग-अलग मार्गों पर कई अतिरिक्त बसें मेला स्पेशल के तौर पर चलाई जाएंगी. यात्रियों की सुविधाओं और भीड़ के दबाव को देखते हुए करीब 60 से अधिक बसें इस बार चलेंगी.

इस वर्ष 60 से अधिक बसों का संचालन होगा
Photo Credit: NDTV

2 करोड़ की आय

मेले की मुख्य तिथि 12 से लेकर 21 सितंबर तक विशेष व्यवस्थाएं रहेंगी. जोधपुर से रामदेवरा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही सर्वाधिक रहती है. इस मार्ग पर विशेष तौर पर मेला स्पेशल के तौर पर इस बार 60 के करीब रोडवेज की बसें चलाई जाएंगी. 

पिछले वर्ष 55 बसों के जरिए 61 हजार से अधिक यात्रियों ने सफर किया था. इससे रोडवेज को करीब 1.49 करोड़ रुपये की आय हुई. इस बार यात्रियों की संख्या करीब 70 हजार के पार पहुंचने की भी संभावना है, जिससे रोडवेज को करीब 2 करोड़ रुपये तक की आय भी हो सकती है.

ये भी पढ़ें-: वैष्णो देवी तक सीधी ट्रेन; सिरोही, पाली, जोधपुर, नागौर, बीकानेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर के यात्रियों को होगा फायदा

Advertisement
Topics mentioned in this article