Rajasthan SI exam: राजस्थान लोक सेवा आयोग 5 और 6 अप्रैल को होने वाली उप-निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष और शुचितापूर्ण तरीके से कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है. प्रदेश के 41 शहरों में बने 1174 परीक्षा केंद्रों पर करीब 7.70 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. आयोग ने बहु-स्तरीय सुरक्षा प्रबंध किए हैं. डमी अभ्यर्थियों, संदिग्ध तत्वों और अनैतिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस के साथ विशेष निगरानी तंत्र बनाया गया है. इस बार परीक्षा में क्यूआर कोड युक्त आधुनिक प्रवेश पत्र, अनिवार्य मूल रंगीन फोटो पहचान पत्र और हर केंद्र पर सघन वीडियो रिकॉर्डिंग अनिवार्य होगी. परीक्षा केंद्र के 100 मीटर दायरे में स्थित सभी साइबर कैफे और ई-मित्र केंद्र परीक्षा के दौरान बंद रहेंगे.
SOG और जिला प्रशासन को खास निर्देश
आयोग सचिव ने बताया कि परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रश्न-पत्रों की गोपनीयता, सुरक्षित भंडारण और समयबद्ध वितरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है. इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा.
किसी भी अभ्यर्थी के पास कोई प्रतिबंधित सामग्री यथा मोबाइल, ब्लूटूथ या अन्य कोई संचार उपकरण नहीं हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा. आयोग ने अतिरिक्त महानिदेशक-एसओजी, जिला कलक्टरों और पुलिस अधीक्षकों से संदिग्ध अभ्यर्थियों पर सघन निगरानी रखने को कहा है.
लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के खिलाफ होगा एक्शन
परीक्षा के दौरान सतर्कता दल और फ्लाइंग स्क्वॉड निरंतर केंद्रों का निरीक्षण करेंगे. आयोग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि लापरवाही बरतने या कर्तव्य भंग करने वाले कार्मिकों के खिलाफ एक्शन होगा. ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2022 के तहत सख्त कार्यवाही की जाएगी. परीक्षा आयोजन से जुड़े सभी कर्मचारी आयोग के अधीन माने जाएंगे.
यह भी पढ़ेंः खाना बनाते समय सिलेंडर में गैस लीक, आग की चपेट में आई बहू को बचाने आए ससुर भी झुलसे