सलूम्बर जिले के दो गांवों में बच्चों की रहस्यमयी बीमारी से 5 मौतों के मामले में राज्य सरकार ने गंभीर कदम उठाया है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर आरएनटी मेडिकल कॉलेज, उदयपुर के चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम गठित कर प्रभावित गांवों में भेजी गई है. मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सोमवार रात वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मामले की पूरी जानकारी ली. स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन और अन्य अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं. चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रभावित गांवों समेत सलूम्बर और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्यकर्मियों की टीमें लगाकर बुखार के लक्षण वाले बच्चों की गहन स्क्रीनिंग सुनिश्चित करें.
निर्देश- लक्षण मिलने पर तुरंत रेफर करें
किसी भी बच्चे में लक्षण मिलने पर तत्काल उपचार उपलब्ध करवाया जाए. गंभीर स्थिति में बच्चे को जिला चिकित्सालय या मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पताल में रेफर किया जाए. साथ ही मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए एंटीलार्वा, सोर्स रिडक्शन, फोगिंग आदि गतिविधियां तेज करने के निर्देश दिए गए हैं.
स्वास्थ्य निदेशालय से भी भेजी गई टीम
बता दें कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तत्काल अधिकारियों को वस्तुस्थिति पता करने, मौत के कारणों का पता लगाने और बीमारी की रोकथाम के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए थे. स्वास्थ्य विभाग ने आरएनटी मेडिकल कॉलेज की विशेषज्ञ टीम को तुरंत प्रभावित गांवों में भेज दिया है. विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौत के कारणों का पता लगाने के साथ ही बचाव के उपाय भी सुनिश्चित कर रही है. साथ ही स्वास्थ्य निदेशालय (जयपुर) से भी एक टीम भेजी गई है.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान में नहीं थम रहा तेज बारिश-आंधी का दौर, आसमान से फिर बरसेगी आफत, अलर्ट जारी