अलवर के युवक के पैन कार्ड से करोड़ों का घोटाला, दिल्ली की फर्म ने कर लिया 11.95 करोड़ का बिजनेस

अलवर के अंकित कुमार ने आरोप लगाया कि जब वह अपना स्वयं का कारोबार शुरू करने के लिए अपने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) के पास पहुंचे तो उनके नाम से कुल 11 करोड़ के लेन-देन का पता चला.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
अलवर के युवक के पैन कार्ड से करोड़ों का घोटाला

राजस्थान के अलवर में PAN कार्ड की चोरी और आर्थिक धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है. शहर के मूंगस्का निवासी अंकित कुमार यादव के पैन कार्ड का कथित तौर पर दुरुपयोग कर उनके नाम से 12 करोड़ रुपये से अधिक का फर्जी कारोबार किए जाने का खुलासा हुआ है. पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने के बाद मामला अदालत पहुंचा, जहां अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-3, अलवर के आदेश पर अरावली विहार थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. 

पैन कार्ड पर पहले 11 करोड़ का लेन-देन

एफआईआर के अनुसार, अंकित कुमार यादव जब अपना खुद का व्यवसाय शुरू करने के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट के पास पहुंचे तो जांच में पता चला कि उनके पैन नंबर पर पहले से जीएसटी पंजीकरण मौजूद है. आरोप है कि नई दिल्ली स्थित आकांक्षा सिंथेटिक्स ने उनके पैन कार्ड का दुरुपयोग करते हुए वर्ष 2023-24 में 2 करोड़ 62 लाख 15 हजार 452 रुपये और 2024-25 में 9 करोड़ 33 लाख 56 हजार 142 रुपये का कारोबार दर्शाया.

Advertisement

यानी कुल मिलाकर करीब 11 करोड़ 95 लाख 71 हजार 594 रुपये का लेन-देन उनके नाम पर किया गया. शिकायत में यह भी कहा गया है कि जीएसटी रिकॉर्ड में दूसरे मोबाइल नंबर और कोटक महिंद्रा बैंक का खाता दर्ज है, जबकि उनका केवल पंजाब नेशनल बैंक, अलवर में बचत खाता है और उन्होंने कभी जीएसटी पंजीकरण नहीं कराया. 

कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दर्ज किया केस

पीड़ित ने आरोप लगाया कि उन्होंने पहले पुलिस अधीक्षक, अरावली विहार थाना और संबंधित विभागों को शिकायत दी, लेकिन मामला दर्ज नहीं किया गया. इसके बाद उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. अदालत ने धारा 175(3) बीएनएसएस के तहत मामले की जांच के निर्देश दिए. इसके बाद अरावली विहार थाना ने मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक भगवान सिंह को सौंपी है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पैन कार्ड का दुरुपयोग किसने किया, फर्जी जीएसटी पंजीकरण कैसे हुआ और इस पूरे नेटवर्क में किन-किन लोगों की भूमिका रही.

यह भी पढे़ं- 

रहने के लिए घर नहीं, चंद पैसों के सहारे परिवार का पालन; 7 करोड़ का GST नोटिस मिलते उड़े होश

50 Crore Empire Succes Story: गांव के इस लड़के ने 19 साल की उम्र में कैसे खड़ी कर दी 50 करोड़ की कंपनी

Advertisement