चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया थाना क्षेत्र के नरबदिया गांव में एक स्कॉर्पियो गाड़ी जलकर रख हो गई. सुनसान इलाके में खड़ी स्कॉर्पियो धू-धू कर जल गई. देखते ही देखते वाहन पूरी तरह कबाड़ में बदल गया. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, और पुलिस को सूचित किया गया.
अचानक आग की लपटे उठने लगीं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नरबदिया गांव के पास जंगल में अचानक आग की लपटें उठते देख लोग मौके पर पहुंचे. जब तक ग्रामीण कुछ कर पाते, आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया था. स्कॉर्पियो का टॉप मॉडल होना, और एक सुनसान जगह पर इस तरह जलना कई सवाल खड़े कर रहा है. आखिर यह गाड़ी किसकी थी, और इसे यहां लाकर आग किसने लगाई, यह फिलहाल एक बड़ा रहस्य बना हुआ है.
स्कॉर्पियो मालिक की तलाश में जुटी पुलिस
मंडफिया थानाधिकारी रविंद्र सेन मय जाब्ता मौके पर पहुंचे, और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने चेचिस नंबर के आधार पर स्कॉर्पियो मालिक की पहचान में जुट गई. अब कई तरह की चर्चा हो रही हैं. क्या वाहन का उपयोग किसी अवैध तस्करी में किया गया था, और सबूत मिटाने के लिए उसे जला दिया गया? या फिर बीमा राशि हड़पने के उद्देश्य से जानबूझकर गाड़ी को आग के हवाले किया गया?
मंडफिया थानाधिकारी रविन्द्र सेन ने बताया कि नरबदिया के पास जंगल में एकांत स्थान पर एक जली हुई स्कॉर्पियो मिली है. वाहन चेसिस के आधार पर वाहन मालिक का पता लगाया जा रहा है. इंश्योरेंस के एंगल सहित पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहनता से जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में UCC लागू किया जाए, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने सरकार से की मांग