सांचौर में सनसनीखेज वारदात सास से नाराज दामाद ने कैंची से काट दी नाक, कटा हिस्सा लेकर हुआ फरार 

पुलिस के अनुसार आरोपी सोहनलाल को शक था कि उसकी सास उसकी पत्नी को उसके खिलाफ भड़काती है और उसी के कारण पत्नी उससे अलग रह रही है. यह भी सामने आया है कि आरोपी को अपनी पत्नी से मिलने या बात करने नहीं दिया जा रहा था, जिससे वह सास से बेहद नाराज था

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Sanchore News: पारिवारिक विवाद ने शनिवार को एक भयावह रूप ले लिया. सास से नाराज एक दामाद ने रास्ते में हमला कर फसल काटने के काम आने वाली कैंची से उसकी नाक काट दी और कटा हुआ हिस्सा अपने साथ लेकर फरार हो गया. पुलिस को दी लिखित रिपोर्ट के अनुसार भीमगुड़ा के जंभेश्वर नगर प्रभाणियों की ढाणी निवासी सोहनलाल पुत्र भंवरलाल कड़वासरा की शादी करीब छह वर्ष पहले डूंगरी के के.आर. बंधा कुआं निवासी बाबूलाल खीचड़ की बेटी सरिता से आटा-साटा प्रथा के तहत हुई थी. बताया जा रहा है कि पिछले करीब एक वर्ष से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिसके कारण सरिता अपने पति से अलग रह रही थी.

शनिवार को दोपहर में घर में फिर से झगड़ा हुआ. इससे परेशान होकर कैली देवी दामाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए सरवाना थाने जा रही थी. शाम करीब 5 बजे रास्ते में दामाद सोहनलाल ने उन पर हमला कर दिया.

Advertisement

फसल काटने वाली कैंची से काट दी नाक

आरोप है कि सोहनलाल अपने साथ फसल काटने में काम आने वाली कैंची लेकर आया था. उसने अचानक कैली देवी पर हमला कर उनकी नाक काट दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कटी हुई नाक का हिस्सा अपने साथ लेकर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद गंभीर रूप से घायल कैली देवी को पहले सांचौर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें गुजरात के मेहसाणा अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है.

लंबे समय से चल रहा था पारिवारिक विवाद

पुलिस के अनुसार आरोपी सोहनलाल को शक था कि उसकी सास उसकी पत्नी को उसके खिलाफ भड़काती है और उसी के कारण पत्नी उससे अलग रह रही है. यह भी सामने आया है कि आरोपी को अपनी पत्नी से मिलने या बात करने नहीं दिया जा रहा था, जिससे वह सास से बेहद नाराज था. उसे आशंका थी कि उसकी पत्नी का दूसरा रिश्ता कर दिया गया है और उसने अपना नया जीवन शुरू कर दिया है. इसी रंजिश में उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया. स्थानीय स्तर पर इस विवाद को सुलझाने के लिए पहले कई बार सामाजिक पंचायतें भी हुईं, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ.

पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में

मामले को लेकर सांचौर सीओ जयराम ने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार है. उसे पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और लगातार तलाश जारी है. पुलिस ने घटना में शामिल होने के शक में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. एक मामूली पारिवारिक विवाद किस तरह खौफनाक हिंसा में बदल गया, इस घटना ने समाज में रिश्तों की कड़वाहट और बढ़ते पारिवारिक तनाव पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.