दुबई में फंसे बारां जिले के 7 भारतीय, पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह से लगाई वतन वापसी की गुहार

जानकारी के अनुसार बारां शहर और हरनावदाशाहजी कस्बे के तीन दंपत्ति दुबई घूमने गए थे, जिनमें से एक दंपत्ति के साथ उनका बेटा भी है. सभी लोग वर्तमान में होटल में ठहरे हुए हैं और फ्लाइट संचालन को लेकर अनिश्चितता के कारण परेशान हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
शादी की 25वीं सालगिरह मनाने गई थी दंपति

मिडिल ईस्ट में बिगड़े हालातों के बीच राजस्थान के बारां जिले के सात लोग दुबई में फंस गए हैं. फ्लाइट्स रद्द होने के कारण ये सभी 28 फरवरी की रात से वहीं रुके हुए हैं. फंसे लोगों और उनके परिजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सुरक्षित भारत वापसी की गुहार लगाई है. सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर उन्होंने भारत सरकार और भारतीय दूतावास से जल्द मदद की अपील की है.

जानकारी के अनुसार बारां शहर और हरनावदाशाहजी कस्बे के तीन दंपत्ति दुबई घूमने गए थे, जिनमें से एक दंपत्ति के साथ उनका बेटा भी है. सभी लोग वर्तमान में होटल में ठहरे हुए हैं और फ्लाइट संचालन को लेकर अनिश्चितता के कारण परेशान हैं.

शादी की 25वीं सालगिरह मनाने गए थे

बारां की नाकोड़ा कॉलोनी निवासी मोटर पार्ट्स कारोबारी विनय पतिरा ने बताया कि उनके छोटे भाई चित्रक पतिरा, पत्नी जिग्नेशा पतिरा और बेटा हेतांश पतिरा 20 फरवरी को बारां से अहमदाबाद रवाना हुए थे और 21 फरवरी को दुबई पहुंचे. 25 फरवरी को चित्रक की शादी की 25वीं सालगिरह थी, जिसे मनाने के बाद परिवार आबूधाबी घूमने भी गया था. इनकी वापसी की फ्लाइट 28 फरवरी को अहमदाबाद के लिए थी, लेकिन क्षेत्रीय तनाव के चलते उड़ान रद्द कर दी गई. बाद में 3 मार्च की फ्लाइट बुक करवाई गई, हालांकि उसके संचालन को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है.

चित्रक पतिरा ने वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से अपील की है कि दुबई में फंसे भारतीयों को सुरक्षित स्वदेश लाने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं. उधर बारां में परिवारजन उनकी सलामती को लेकर चिंतित हैं. विनय पतिरा ने बताया कि फिलहाल व्हाट्सएप संदेशों के जरिए ही संपर्क हो पा रहा है, जबकि फोन और वीडियो कॉलिंग प्रभावित है.

Advertisement

हरनावदाशाहजी के दो दंपत्ति भी फंसे

दूसरी ओर हरनावदाशाहजी कस्बे के निवासी नवलकिशोर गर्ग, उनकी पत्नी मनोरमा गर्ग, मित्र नरेंद्र खंडेलवाल और उनकी पत्नी संजना खंडेलवाल 24 फरवरी को दुबई घूमने गए थे. इनकी वापसी 1 मार्च को तय थी, लेकिन हमलों और सुरक्षा कारणों से उनकी फ्लाइट भी रद्द हो गई.

नवलकिशोर गर्ग के भतीजे अभिषेक गर्ग ने वीडियो जारी कर भारत सरकार और भारतीय दूतावास से हस्तक्षेप की मांग की है. उन्होंने बताया कि सभी चारों लोग होटल में ठहरे हुए हैं और होटल के किराए भी बढ़ा दिए गए हैं, जिससे परेशानी और बढ़ गई है. परिजनों का कहना है कि वे लगातार संपर्क में हैं, लेकिन मौजूदा हालात को लेकर चिंता बनी हुई है. परिवारों ने केंद्र सरकार से अपील की है कि दुबई में फंसे सभी भारतीयों को जल्द सुरक्षित भारत लाने की व्यवस्था की जाए.

Advertisement