Rajasthan Heatwave Effect: राजस्थान में भीषण गर्मी से तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिसका प्रभाव भी अब दिखने लगा है. स्कूलों में अभी गर्मी की छुट्टियां नहीं हुई है. जबकि तापमान सामान्य तौर पर 45 डिग्री तक पहुंच गया है. ऐसे में हीटवेब का असर अब स्कूली बच्चों पर दिखने लगा है. गर्मी की वजह से डीग में 12वीं छात्रा की चार छात्रा स्कूल में ही बेहोश हो गई जब वह सभी परीक्षा दे रही थी. सभी बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
चक्कर आने के बाद बच्चियां मौके पर ही गिर गई
बताया जा रहा है कि डीग शहर के लाला मनोहर लाल खंडेलवाल विद्यालय में 12वीं कक्षा की चार छात्राएं परीक्षा देते समय बेहोश हो गईं. उन्हें तत्काल डीग जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. यह घटना गर्मी के कारण हुई बताई जा रही है. बेहोश होने वाली छात्राओं में तनु (पुत्री रोहतास), राधिका (पुत्री हरेंद्र), अक्षरा (पुत्री कोमल) और अर्पिता (पुत्री कुंवर सिंह) शामिल हैं. वे सभी 12वीं कक्षा की परीक्षा दे रही थीं, तभी उन्हें चक्कर आए और वे मौके पर ही गिर गईं.
अस्पताल पहुंचे अधिकारी
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुमित्रा धंघेल ने तुरंत सभी छात्राओं को डीग जिला अस्पताल पहुंचाया और उनके परिजनों को सूचित किया. परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी, डीओ मनोज खुराना और हरवीर सिंह चाहर भी मौके पर पहुंचे और छात्राओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली.
CMHO ने क्या कहा
CMHO विजय सिंघल और पीएमओ डॉ. जितेंद्र सिंह फौजदार ने भी छात्राओं का हालचाल जाना. डॉ. फौजदार ने बताया कि छात्राओं की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है और वे बात करते समय डरी हुई प्रतीत होती हैं. हालांकि, उन्होंने पुष्टि की कि छात्राएं गर्मी के कारण ही बेहोश हुई थीं. सभी छात्राओं का डीग जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान में Heatwave का अलर्ट जारी, जानें कहां-कहां पड़ेगा प्रकोप... 48 डिग्री के पार जाएगा पारा