SI भर्ती रद्द होने पर किरोड़ी लाल ने HC के फैसले का किया स्वागत, कहा- सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा न खटखटाए सरकार

Rajasthan News: डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने 2021 SI भर्ती परीक्षा रद्द करने के कोर्ट के फैसले का स्वागत किया. उन्होंने राजस्थान सरकार से सुप्रीम कोर्ट न जाने की अपील की.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
Dr. Kirodi Lal Meen on SI Recruitment 2021
Social Media X

Dr. Kirodi Lal Meen on SI Recruitment 2021: राजस्थान की बहुचर्चित SI भर्ती परीक्षा 2021 को लेकर उच्च न्यायालय के ऐतिहासिक फैसले के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है. कद्दावर नेता और कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने इस फैसले का पुरजोर स्वागत किया है. उन्होंने कोर्ट के इस फैसले का व्यक्तिगत रूप से स्वागत करते हुए राज्य सरकार से आग्रह किया है कि इस मामले में आगे सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा न खटखटाया जाए.

परीक्षा रद्द होनी ही चाहिए थी

SI भर्ती परीक्षा को लेकर अपना रुख साफ करते हुए डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा, मैं SI भर्ती परीक्षा 2021 को रद्द करने के कोर्ट के फैसले का स्वागत करता हूं. मैं पहले भी कहता था कि यह परीक्षा रद्द होनी चाहिए, और अब यह रद्द हो गई है. उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि छात्रों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए इस मामले को लेकर आगे सुप्रीम कोर्ट में कोई अपील नहीं की जानी चाहिए.

Advertisement

PM मोदी और BJP के नेतृत्व पर गर्व

इस दौरान डॉ. मीणा ने BJP के संगठन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की भी जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि आज बीजेपी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, तो यह हमारे कार्यकर्ताओं के निरंतर परिश्रम का फल है. प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में देश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है और हर वर्ग के कल्याण के लिए काम हो रहा है.

संकट में किसानों के साथ सरकार: सर्वे के निर्देश

इसके अलावा मंत्री मीणा ने प्रदेश के किसानों को बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से तबाह हुई फसल को लेकर भी जानकारी दी. उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि नुकसान के आकलन के लिए सर्वे के निर्देश दे दिए गए हैं. सर्वे के बाद SDRF के तय मापदंडों के अनुसार, जिन किसानों की फसलों में 33% या उससे अधिक का खराबा पाया जाएगा, उन्हें तुरंत राहत दी जाएगी. जैसे ही सर्वे की रिपोर्ट हमारे पास आ जाएगी, किसानों को बिना किसी देरी के मुआवजा दे दिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: 'पद तो खुद चलकर आएगा' बोलीं वसुंधरा, बीजेपी स्थापना दिवस पर पार्टी नेतृत्व को किया आगाह