सीकर: बीज व्यापारी का आरोप, किरोड़ी लाल मीणा का OSD बता कृषि कर्मचारी ने मांगी 20 लाख घूस

सीकर में नकली बीज की जांच करने गए कृषि कर्मियों से मारपीट का मामला सामने आया है. वही व्यापारी का कर्मियों पर आरोप है कि उन्होंने खुद को कृषि मंत्री का OSD बताकर 20 लाख की रिश्वत मांगी थी.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
Sikar News
NDTV

राजस्थान के सीकर शहर के सदर थाना इलाके में कृषि विभाग के दो कर्मचारियों के साथ मारपीट, सरकारी काम में रुकावट डालने और अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है. श्रीगंगानगर कृषि विभाग के कर्मचारियों ने सीकर की एक बीज कंपनी और एक बीज व्यापारी व अन्य के खिलाफ केस दर्ज कराया है. दूसरी ओर, बीज व्यापारी ने भी कृषि कर्मचारी पर खुद को कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा का OSD बताकर 20 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है. फिलहाल, सदर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

बीज को लेकर मिली थी शिकायत

श्रीगंगानगर कृषि विभाग  के कर्मचारी संदीप कुमार और रजनीश कुमार ने सदर पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज कराई. जिसमें बताया कि विभाग को जानकारी मिली थी कि बसंत सीड्स कंपनी की तरफ से पॉलीहाउस में तैयार खीरे की फसल के घटिया और नकली बीज सीकर जिले में पैक करके किसानों को ऊंचे दामों पर बेचे जा रहे हैं. इस जानकारी के आधार पर दोनों कर्मचारी ग्राहक बनकर सीकर में खीरे के बीजों की जांच और जानकारी इकट्ठा कर रहे थे. इस दौरान उनकी मुलाकत बीज स्टोर के संचालक विकास और उसके पिता रामलाल से हुई.

Advertisement

होटल में बातचीत के दौरान की मारपीट

 रिपोर्ट के मुताबिक, 4 जून को विकास ने संदीप कुमार को उसके पिता से मिलने के लिए सांवली चौराहे पर झंकार होटल में बुलाया. शिकायत में आरोप है कि होटल में बातचीत के दौरान ही बीज दुकानदार के पिता रामलाल ने खुद को बसंत सीड्स कंपनी से जुड़ा बताते हुए जानकारी इकट्ठा करने की बात पर संदीप कुमार को पीटना शुरू कर दिया और 20-25 और लोगों को मौके पर बुला लिया.

जबरन गाड़ी में डालने का किया प्रयास

आरोप है कि इनमें दुकानदार विकास, बालाजी एग्रो सीड्स कंपनी के लोग और अन्य व्यक्ति भी शामिल थे. रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने संदीप कुमार को जबरन गाड़ी में डालने का प्रयास भी किया. वहीं बचाव करने पहुंचे रजनीश कुमार के साथ भी मारपीट की गई और उन्हें भी गाड़ी में डालने की कोशिश की गई. इस मामले में कृषि विभाग के कर्मचारियों की ओर से रामलाल, विकास कुमार, बालाजी एग्रो सीड्स कंपनी से जुड़े लोगों सहित अन्य के खिलाफ राजकार्य में बाधा, मारपीट और अपहरण के प्रयास का मुकदमा दर्ज करवाया गया है.

कृषि मंत्री का OSD बताकर मांगी रिश्वत

दूसरी तरफ, बीज व्यापारी विकास के पिता रामलाल ने भी सदर थाने में दोनों अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा का OSD बताकर 20 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है. रामलाल ने रिपोर्ट में बताया कि उनके बेटे की गोकुलपुरा तिराहा पर विकास सीड्स नाम से दुकान है. कुछ दिन पहले उनके बेटे के पास सुमित कुमार नाम के एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को कृषि मंत्री का OSD बताया और छापा न मारने के बदले 20 लाख रुपये मांगे.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

रामलाल के मुताबिक, 4 जून को जब उन्हें दोबारा कॉल आया तो उन्हें सांवली सर्किल स्थित झंकार होटल में बुलाया गया. वहां बातचीत के दौरान उन्हें युवक पर शक हुआ और उन्होंने उससे अपना ID कार्ड दिखाने को कहा, लेकिन युवक किसी भी मंत्री का OSD होने का कोई पहचान पत्र नहीं दिखा पाया.रामलाल ने आरोप लगाया कि युवक बार-बार मंत्री के नाम पर 20 लाख रुपये मांग रहा था.जब उन्हें शक हुआ और उन्होंने युवक को पकड़ने की कोशिश की तो वहां दो की जगह तीन लोग मौजूद मिले, जिनमें से एक मौके से भाग गया जबकि दो पकड़े गए. फिलहाल सदर थाना पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: ब्रेक फेल होने से बीच सड़क पलटी बस, खिड़कियां तोड़कर बचाई गई यात्रियों की जान

Topics mentioned in this article