खाटूश्यामजी का मंदिर गुरुवार (19 फरवरी) को बंद रहेगा. इस दिन श्याम प्रभू की विशेष पूजा-अर्चना और तिलक होगा. बाबा श्याम के दर्शन 18 फरवरी को रात्रि 10.00 बजे से 19 फरवरी सांय 5 बजे तक बंद रहेगा. इसके बाद ही भक्तों से दर्शन की अपील की है. इस दौरान केवल विधि-विधान और सेवा-पूजन किए जाएंगे. मंदिर कमेटी ने सभी श्याम भक्तों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के बाद ही दर्शन के लिए खाटूधाम पधारें. मंदिर परिसर में अनुशासन एवं व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें.
18 फरवरी रात से बंद रहेगा मंदिर
श्रीश्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि विशेष धार्मिक अनुष्ठानों की वजह से 18 फरवरी को रात 10 बजे से खाटूश्याम का पट बंद रहेगा. 19 फरवरी को शाम 5 बजे तक श्रद्धालु दर्शन नहीं कर पाएंगे. 19 फरवरी को शाम 5 बजे के बाद दोबारा पट खुलेंगे. श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन कर पाएंगे.
21 फरवरी से फाल्गुनी लक्खी मेला शुरू
खाटूश्यामजी में 21 से वार्षिक फाल्गुनी लक्खी मेला शुरू हो रहा है, जो 28 फरवरी तक चलेगा. मेले के लिए प्रशासन और श्रीश्याम मंदिर समिति ने इसकी तैयारियां शुरू कर रखी है. मेला ग्राउंड में बड़े पैमाने पर बैरिकेडिंग और सफाई का काम किया जा रहा है. तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है.
20 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रींगस रेलवे जंक्शन से 68 ट्रेनें रोजाना चलेंगी. इनमें 48 नियमित ट्रेनें और मेले के लिए 20 विशेष मेला ट्रेनें शामिल हैं. हर 20 मिनट पर ट्रेन रिंगस स्टेशन पर पहुंचेगी, ताकि भीड़ और लंबे इंतजार से बचा जा सके. इसके अलावा दो डेमो ट्रेनें आपातकाल के लिए स्पेयर रखी जाएंगी.
यह भी पढ़ें: JLN अस्पताल में युवक की मौत पर भड़का गुस्सा, परिजनों ने किया हंगामा