खाटूश्याम भक्तों के साथ फिर हुई मारपीट, कचौरी खाने के लिए रुके तो दंपत्ति को पीटने लगे दुकानदार

खाटूश्याम आने वाले भक्तों के साथ मारपीट की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं. सीकर के रींगस में ऐसा मामला फिर सामने आया है. दुकानदारों ने दंपति के साथ मारपीट कर दी.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

खाटूश्याम भक्तों के साथ एक बार फिर मारपीट का मामला सामने आया है. सीकर जिले के रींगस रेलवे स्टेशन बाजार के पास की घटना की तस्वीर भी सामने आई है. सड़क पर खड़े होकर कचोरी खा रहे एक दंपति के साथ दुकानदारों ने मारपीट कर दी. शनिवार (5 अप्रैल) देर रात विकास कुमार और उनकी पत्नी प्रियंका खाटू धाम जाने के लिए ट्रेन से रींगस पहुंचे थे. दोनों रेलवे स्टेशन के बाहर बाजार में कचोरी खाने के लिए रुके. इसी दौरान एक दुकानदार ने उन्हें खड़े होने से मना किया और आगे जाने को कहा. छोटी-सी बात पर कहासुनी शुरू हुई और कुछ ही देर में यह मारपीट में बदल गई.

देखते ही देखते जमा हो गई भीड़

देखते-ही-देखते भारी भीड़ जमा हो गई, लेकिन किसी ने भी दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश नहीं की. लगभग 15 से 20 मिनट तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. देर रात तक किसी पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई.

Advertisement

रेलवे की रिकॉर्ड कमाई, सुरक्षा पर सवाल

यह घटना इसलिए ज्यादा चिंताजनक है, क्योंकि रींगस खाटूश्याम जी का एकमात्र रेलवे स्टेशन है. फाल्गुन माह की एकादशी पर जहां रेलवे को एक दिन में 52 लाख रुपए का राजस्व मिला था, वहीं हाल ही में कामदा एकादशी पर भी 49 लाख रुपये का रिकॉर्ड राजस्व दर्ज किया गया. भक्तों की भारी भीड़ के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर नजर आ रही है.

कभी प्रसाद तो कभी किराए के मामले में मारपीट

धार्मिक स्थलों पर भक्तों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं. कभी प्रसाद, कभी खाने-पीने, कभी किराए या छोटी-सी बात को लेकर मारपीट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. इससे खाटू श्याम जी की पवित्र छवि भी प्रभावित हो रही है. स्थानीय लोगों और भक्तों का कहना है कि खाटू धाम आने वाले लाखों श्याम भक्तों की सुरक्षा के लिए प्रशासन को अब सख्त कदम उठाने चाहिए. रींगस स्टेशन और आसपास के बाजार क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त पुलिस बल और सख्त निगरानी की जरूरत है.

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में तेज बारिश और ओलावृष्टि का कहर, आज भरतपुर में ऑरेंज अलर्ट, अगले 4 दिन तक राहत नहीं