सिरोही में शराब पीकर रोडवेज चला रहा था ड्राइवर, पुलिस ने धर दबोचा; एक महीने पहले वीडियो हुआ था वायरल

सिरोही जिले में शुक्रवार शाम एक रोडवेज बस के चालक को शराब के नशे में बस चलाते हुए पकड़ा गया. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया. पढ़िए विशाल की ये रिपोर्ट.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
प्रतीकात्मक तस्वीर

Sirohi Rodaways Bus Driver arrested: राजस्थान में रोडवेज बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. सिरोही जिले में शुक्रवार शाम एक रोडवेज बस के चालक को शराब के नशे में बस चलाते हुए पकड़ा गया. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया.

पिछले एक महीने से  शराब पीकर गाड़ी चलाने के लग रहे थे आरोप

यह बस सिरोही डिपो की थी, जो भीनमाल और उदयपुर के बीच चलती है. हैरानी की बात यह है कि इस बस के ड्राइवर और कंडक्टर पर पिछले एक महीने से शराब पीने का आरोप लग रहा है, लेकिन रोडवेज मैनेजमेंट कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाया है.

Advertisement

बस में ही शराब और बीड़ी, वीडियो भी हुआ था वायरल

सूत्रों के मुताबिक, कुछ समय पहले भीनमाल में रात में रुकने के दौरान ड्राइवर और कंडक्टर का बस के अंदर शराब और बीड़ी पीते हुए एक वीडियो सामने आया था. यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था, लेकिन अधिकारियों ने दोनों से बस सफाई मांगी और मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया था.

पुलिस की कार्रवाई, यात्रियों को दूसरी बस से भेजा गया

कालन्द्री थाना पुलिस ने जांच के दौरान चालक के नशे में होने की पुष्टि की और बस को मौके पर ही सीज कर दिया. बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित तरीके से दूसरी बस में भेजा गया. मामले को लेकर थानाधिकारी भवानी सिंह राजावत ने बताया कि  यह उदयपुर से भीनमाल जा रही थी. जांच में बस का चालक शराब के नशे में पाया गया. जिस पर कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है.

ठेका कंपनी पर भी उठे सवाल

जानकारी के मुताबिक, संबंधित चालक एक ठेका कंपनी का कर्मचारी है. ऐसे में सवाल उठता है कि शराब के नशे में बस चलाने वाले चालकों को तैनात करने वाली कंपनियों पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? सूत्रों का दावा है कि रोडवेज प्रबंधन ठेका कंपनी पर कार्रवाई करने से बचता नजर आ रहा है.

यह भी पढ़ें: Rajasthan: पिता की बंदूक से खेल-खेल में बेटे के हाथ से चली गोली, मासूम बहन के सिर में लगी, मौके पर ही मौत

Advertisement