फर्जी ताईक्वाण्डो प्रमाण पत्र से शिक्षक भर्ती में नौकरी की कोशिश, SOG ने 20 आरोपियों को किया गिरफ्तार

स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 अभ्यर्थियों सहित कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि 12 मार्च 2026 को राजस्थान के 14 जिलों और हरियाणा में एक स्थान पर एक साथ सामूहिक रेड की गई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Rajasthan News: राजस्थान में तृतीय श्रेणी अध्यापक सीधी भर्ती परीक्षा 2022 में उत्कृष्ट खिलाड़ी कोटे के तहत नौकरी हासिल करने के लिए ताईक्वाण्डो खेल के फर्जी प्रमाण पत्र और फर्जी सत्यापन रिपोर्ट का बड़ा मामला सामने आया है. इस मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 अभ्यर्थियों सहित कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि 12 मार्च 2026 को राजस्थान के 14 जिलों और हरियाणा में एक स्थान पर एक साथ सामूहिक रेड की गई. इस कार्रवाई के दौरान फर्जीवाड़े में शामिल 19 अभ्यर्थियों और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया.

जांच के दौरान एक आरोपी के मोबाइल से ताईक्वाण्डो फेडरेशन के नाम से भेजे गए ईमेल का स्क्रीनशॉट मिला, जिसमें 39 अभ्यर्थियों के खेल प्रमाण पत्रों के सत्यापन की रिपोर्ट शिक्षा विभाग को भेजे जाने का उल्लेख था. ईमेल की जांच में “Secretary” शब्द की स्पेलिंग गलत पाई गई, जिससे एसओजी को संदेह हुआ कि यह ईमेल फर्जी हो सकता है.

Advertisement

संदिग्ध ईमेल आईडी दुबई से बनाई गई थी

इसके बाद एसओजी ने जीमेल और ताईक्वाण्डो फेडरेशन ऑफ इंडिया से जानकारी जुटाई. जांच में सामने आया कि संदिग्ध ईमेल आईडी दुबई से बनाई गई थी और इसका उपयोग विमलेंदु कुमार झा नामक व्यक्ति कर रहा था, जबकि फेडरेशन की आधिकारिक सूची में उसका नाम कहीं दर्ज नहीं था. एसओजी ने कार्रवाई करते हुए विमलेंदु कुमार झा को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर उसके सहयोगी रवि शर्मा को भी पकड़ लिया. आरोपियों से फर्जी ईमेल आईडी बनाने में उपयोग की गई मोबाइल सिम भी बरामद की गई है.

एसओजी मामले की विस्तृत जांच कर रही है

जांच में सामने आया कि प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय द्वारा तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती 2022 में उत्कृष्ट खिलाड़ी कोटे से चयनित अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र सत्यापन के लिए ताईक्वाण्डो फेडरेशन को ईमेल भेजा गया था. इसी दौरान आरोपियों को इसकी जानकारी मिल गई और उन्होंने उसी से मिलती-जुलती एक फर्जी ईमेल आईडी बनाकर फर्जी ताईक्वाण्डो प्रमाण पत्र वाले अभ्यर्थियों के पक्ष में सकारात्मक सत्यापन रिपोर्ट भेज दी, ताकि उन्हें नौकरी मिल सके. फिलहाल एसओजी मामले की विस्तृत जांच कर रही है.