करौली में बस स्टैंड के सामने स्थित होटल में करणी सेना का कार्यक्रम किया गया. कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष शीला सुखदेव सिंह गोगामेड़ी, राष्ट्रीय महामंत्री योगेंद्र सिंह कटार और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अभय राज सिंह गोगामेड़ी समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे. करणी सेना पदाधिकारियों ने सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्या प्रकरण में न्याय नहीं मिलने पर नाराजगी जताई. शीला सुखदेव सिंह गोगामेड़ी ने चेतावनी दी है कि अगर न्याय नहीं मिला तो वह आत्मदाह तक का कदम उठा सकती हैं.
3 साल बीत चुके, न्याय का इंतजार
शीला सुखदेव सिंह गोगामेड़ी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि घटना को तीन वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि कई असामाजिक तत्व आज भी उनके नाम का उपयोग कर लोगों को धमकाने और रंगदारी मांगने का प्रयास कर रहे हैं. राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय महामंत्री योगेंद्र सिंह कटार ने कहा कि सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में एसआईटी जांच की मांग लंबे समय से की जा रही है.
मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की चेतावनी
पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा, "समय पर सुरक्षा नहीं मिलने से गोगामेड़ी की जान गई. करणी सेना देश के 24 राज्यों में सक्रिय है और न्याय की मांग को लेकर राजस्थान के हर जिले से कार्यकर्ता जयपुर पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे."
यह भी पढ़ेंः जोहड़ में डूबने से 2 मासूम बच्चों की मौत, मौके पर पहुंचे मंत्री किरोड़ी लाल मीणा