शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉक्टर टी शुभमंगला के निर्देश पर कार्रवाई हुई. मिलावटी के शक में लगभग 250 किलो पनीर नष्ट करवाया. शादियों के सीजन में मावा, पनीर और दूध में मिलावट पर विशेष अभियान के अंतर्गत सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की टीम ने रविवार सुबह कारवाई की.
सावे पर पनीर की डिमांड बढ़ी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉक्टर मनीष मित्तल ने बताया कि अक्षय तृतीया के सावे पर पनीर की डिमांड बढ़ जाती है, जिससे मिलावटी पनीर सप्लाई किए जाने की आशंका पर रविवार सुबह टीम ने चौधरी रोडूराम नगर, मांग्यवास स्थित हनुमान पनीर भंडार के गोदाम पर कार्रवाई की. टीम की जांच करने पर पनीर में पीलापन और चखने पर स्वाद में कसैला था.
190 रुपये प्रति किलो के हिसाब से पनीर खरीदा
फर्म के प्रोपराइटर बबलू शर्मा से पूछताछ करने पर बताया कि आज शादियों के आर्डर के लिए सिकराय से 190 रुपए किलो के भाव से पनीर मंगवाया था, जिसे वह 240 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बेच रहा था. संदिग्ध पनीर में मिलावट का अंदेशा होने पर नमूने लेकर लगभग 250 किलो नष्ट करवाया गया.
पनीर में डिटर्जेंट की मिलावट
सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉक्टर मनीष मित्तल ने बताया कि पिछले दिनों झालाना स्थित शर्मा पनीर भंडार पर नमूने लेकर 300 किलो पनीर नष्ट करवाया था. जांच रिपोर्ट में पनीर स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाया गया था. इस मिलावटी पनीर में डिटर्जेंट एवं खाद्य तेल की मिलावट पाई गई थी. जिस पर उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार फर्म का लाइसेंस निलंबित करते हुए खाद्य कारोबार पर रोक लगा दी गई है.
यह भी पढ़ें: पुष्कर घाटी में 150 फीट नीचे खाई में गिरी बस, 1 यात्री की मौत और 25 घायल