Rajasthan Kidnapping: जयपुर में गन पॉइंट पर पुलिसकर्मी का किडनैप, जान पर खेल बदमाशों की कार के आगे कूदी पत्नी

जयपुर में दिनदहाड़े बदमाशों ने एक सस्पेंडिड पुलिस कांस्टेबल का अपहरण कर लिया. पति को बचाने के लिए बहादुर पत्नी जान जोखिम में डालकर बदमाशों की कार के आगे कूद गई, लेकिन किडनैपर्स नहीं रुके.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
किडनैपिंग का यह सीसीटीवी फुटेज 30 मार्च 2026 का बताया जा रहा है.
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं. जयपुर के रामनगरिया थाना इलाके में एक सस्पेंड पुलिस कॉन्स्टेबल के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बदमाशों ने पिस्तौल की नोक पर इस वारदात को अंजाम दिया है और मारपीट कर सवा लाख रुपये लूटने के बाद फरार हो गए हैं.

CCTV में कैद हुई वारदात

पूरी घटना का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इस फुटेज में दिख रहा है कि एक सफेद स्विफ्ट कार अचानक तरुण राज (32) के पास आकर रुकती है. कार सवार 3-4 बदमाश नीचे उतरते हैं और गन पॉइंट पर तरुण को जबरन कार के अंदर खींचने लगते हैं. इस दौरान तरुण की पत्नी शोर सुनकर बाहर आती हैं और पति को बचाने के लिए जान जोखिम में डालकर बदमाशों की कार के आगे खड़ी हो जाती हैं, लेकिन बेखौफ बदमाश उन्हें टक्कर मारते हुए निकल जाते हैं.

Advertisement

चलती कार में मारपीट

अपहरण के बाद बदमाशों ने तरुण के साथ चलती कार में जमकर मारपीट की. लुटेरों ने न केवल उनकी जेब से 40 हजार रुपये नकद छीने, बल्कि ऑनलाइन स्कैनर के जरिए 85 हजार रुपये का ट्रांजेक्शन भी करवा लिया. कुल 1.25 लाख रुपये लूटने और बुरी तरह घायल करने के बाद बदमाशों ने तरुण को रास्ते में छोड़ दिया.

पुराने केस से जुड़ रहे हैं तार?

पीड़ित तरुण राज राजस्थान पुलिस में कॉन्स्टेबल हैं, जो साल 2021 में जालौर में शराब तस्करों से मिलीभगत के आरोप में सस्पेंड चल रहे हैं. पुलिस अब इस अपहरण के पीछे पुरानी रंजिश या लेन-देन के विवाद के एंगल से जांच कर रही है. रामनगरिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है.

ये भी पढ़ें:- उदयपुर में भीषण सड़क हादसा, एक के बाद एक 12 वाहन आपस में टकराए, 2 यात्रियों की मौत; कई घायल