'भाजपा देश में लोगों को बांटने का एजेंडा चला रही है' PM मोदी के 'MMC' वाले बयान पर बोले खाचरियावास 

खाचरियावास ने कहा कि बीजेपी को समझाना पड़ेगा कि राजाओं के राज में हिंदू–मुसलमान को नहीं लड़ाया गया. राजाओं के राज में, मुगल बादशाहों के राज में या अंग्रेजों के राज में नहीं हिन्दू नहीं डरा, लेकिन अब हिंदू के मन में डर पैदा करके वोट लिए जा रहे हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Rajasthan News: अजमेर में पीएम नरेंद्र मोदी की तरफ से कांग्रेस को MMC यानी मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस बताए जाने पर पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने पलटवार किया है. खाचरियावास ने कहा कि यह सिर्फ देश को बांटना जानते हैं. उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस के युवा साथियों ने AI समिट में प्रदर्शन कर दिया, तो क्या गुनाह कर दिया? 

खाचरियावास ने कहा कि 11 साल से भाजपा देश में लोगों को बांटने का एजेंडा चला रही है और अब भी वह बांटने का काम ही कर रही है, जबकि बेरोजगारी और महंगाई कम करने पर सरकार ध्यान नहीं लगा रही.

''अब हिंदू के मन में डर पैदा करके वोट लिए जा रहे हैं''

कांग्रेस पार्टी को INC की बजाय MMC बताने वाले पीएम नरेंद्र मोदी के बयान पर कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने तल्ख प्रतिक्रिया दी है. खाचरियावास ने कहा कि बीजेपी को समझाना पड़ेगा कि राजाओं के राज में हिंदू–मुसलमान को नहीं लड़ाया गया. राजाओं के राज में, मुगल बादशाहों के राज में या अंग्रेजों के राज में नहीं हिन्दू नहीं डरा, लेकिन अब हिंदू के मन में डर पैदा करके वोट लिए जा रहे हैं. आपके पास पिछले 11 साल से एक ही एजेंडा है.

''यूथ आपकी भावना समझ गया है''

खाचरियावास ने कहा कि किसी को परेशान करके आप क्या करोगे?  उन्होनें कहा कि हिंदू, मुसलमान, सिख, ईसाई सभी भूख से मर रहे हैं.  अब तो आपने बेरोजगारी से ध्यान हटाने के लिए यूजीसी में नया नियम बिना किसी के मांगे देने की कोशिश की. खाचरियावास ने कहा कि यूथ आपकी भावना समझ गया है. कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि सरकार की नीतियों से देश के नौजवान और किसान आत्महत्या को मजबूर हो रहे हैं, एजेंसियों के दुरुपयोग से व्यापारी परेशान हैं और महंगाई से जनता त्रस्त है. ऐसे में सरकार को रोजगार और राहत पर ठोस कदम उठाने चाहिए.

Advertisement

''चुनाव से पहले किए गए वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं''

उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले किए गए वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं और जनता को राहत देने के बजाय घोषणाओं तक ही बातें सीमित हैं. खाचरियावास ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले पीएम नरेंद्र मोदी पंजाब के बराबर ही राजस्थान में पेट्रोल–डीजल के दाम करने की बात कर रहे थे, लेकिन अब इस पर बीजेपी ने चुप्पी साध ली है.