अलवर के जवान हरिओम का पार्थिव शरीर पहुंचा गांव, बेटे ने दी मुखाग्नि, नम आंखों से विदाई

शनिवार शाम सेना के वाहन से जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव मुड़िया लाया गया. गांव से करीब दो किलोमीटर पहले युवाओं ने बाइक रैली निकालकर “भारत माता की जय” और देशभक्ति के नारों के साथ शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Alwar News: अलवर जिले के कठूमर क्षेत्र के मुड़िया गांव निवासी सीआरपीएफ जवान हरिओम हवलदार को शनिवार शाम पूरे सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई. जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान अज्ञात कारणों से सर्विस राइफल से गोली चलने से उनका निधन हो गया था.

प्राप्त जानकारी के अनुसार जवान हरिओम पुत्र नाहर सिंह श्रीनगर शहर के परिमपोरा पुलिस थाने में तैनात सीआरपीएफ की एक कंपनी में सेवाएं दे रहे थे. शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान अचानक गोली चलने की घटना में उनकी मौत हो गई. घटना के कारणों को लेकर जांच जारी बताई जा रही है.

युवाओं ने बाइक रैली निकाली 

शनिवार शाम सेना के वाहन से जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव मुड़िया लाया गया. गांव से करीब दो किलोमीटर पहले युवाओं ने बाइक रैली निकालकर “भारत माता की जय” और देशभक्ति के नारों के साथ शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी. गांव पहुंचने पर पत्नी राधा पार्थिव शरीर से लिपटकर बिलख पड़ीं, जिससे माहौल बेहद भावुक हो गया.

सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में अंतिम यात्रा निकाली गई

जवान के एक पुत्र हिमांशु हैं, जो नौवीं कक्षा में अध्ययनरत हैं. हिमांशु ने ही अपने पिता को मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार किया. गांव में सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में अंतिम यात्रा निकाली गई और उनके खेत में अंतिम संस्कार किया गया.

Advertisement

इस दौरान सीआरपीएफ जवानों ने शस्त्र झुकाकर अपने साथी को सैनिक सम्मान प्रदान किया. अंतिम विदाई में तहसीलदार भानु प्रताप सिंह, कठूमर थानाधिकारी सुनील टांक, दतिया थाना अधिकारी गुलाब सिंह, सीआरपीएफ डिप्टी सुरेंद्र जांगिड़, विधायक प्रतिनिधि भजन खींची, सरपंच प्रकाश चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.