Tillu Prince Bairwa murder case: राजस्थान के बहुचर्चित टिल्लू उर्फ प्रिंस बैरवा हत्याकांड में छह साल बाद जांच एक निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिखाई दे रही है. पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर संदिग्ध स्थान की खुदाई शुरू कर दी है, जहां आशंका जताई जा रही है कि मासूम से जुड़े अहम सबूत या उसका शव दफन हो सकता है. ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार (GPR) मशीन से मिले संकेतों के आधार पर एक्सप्रेसवे की करीब 35 मीटर लंबी सड़क की ऊपरी परत हटाई जा रही है, जिसे इस मामले की अब तक की सबसे बड़ी तकनीकी कार्रवाई माना जा रहा है.
दरअसल, 16 अगस्त 2020 को दौसा जिले में अपने घर के आंगन में खेल रहा चार वर्षीय टिल्लू अचानक लापता हो गया था. मासूम के गायब होने से परिवार की दुनिया थम गई, लेकिन लंबे समय तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया. वर्षों तक जांच अलग-अलग दिशाओं में चलती रही, मगर मामला अनसुलझा ही रहा. अब हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद जांच में आधुनिक तकनीक को शामिल किया गया है, जिससे केस में नई उम्मीद जगी है.
एक्सप्रेसवे की एक लेन को अस्थायी रूप से बंद कर बैरिकेडिंग की गई
पुलिस के अनुसार दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चैनेज 161.700 के पास जीपीआर मशीन से जमीन के करीब 9 फीट नीचे संदिग्ध संकेत मिले हैं. इन्हीं संकेतों के आधार पर मिलिंग मशीन से सड़क की परतें हटाने का काम शुरू किया गया है. खुदाई के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर एक्सप्रेसवे की एक लेन को अस्थायी रूप से बंद कर बैरिकेडिंग की गई है. मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारी मौजूद हैं और पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है.
आरोपी को 5 मार्च तक पुलिस रिमांड पर भेजा
मामले में आरोपी कृष्णा बैरवा को अदालत में पेश कर 5 मार्च 2026 तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में मिले इनपुट के बाद ही यह विशेष तकनीकी जांच शुरू की गई. अधिकारियों का कहना है कि करीब 35 मीटर क्षेत्र में सड़क और नीचे की मिट्टी की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है ताकि किसी भी संभावित सबूत को सुरक्षित तरीके से बरामद किया जा सके.
छह साल से एक परिवार अपने बच्चे के सच का इंतजार कर रहा है. हर दस्तक पर उम्मीद जगी, लेकिन जवाब नहीं मिला कि आखिर मासूम के साथ क्या हुआ. अब एक्सप्रेसवे के नीचे चल रही यह खुदाई उनके लिए शायद आखिरी उम्मीद बन गई है.
यह भी पढ़ें- Rajasthan: दौसा में 6 साल बाद खुला टिल्लू हत्या कांड, एक्सप्रेस-वे पर दफनाई गई थी मासूम की लाश