9 लाख की गाड़ी से आए चोर, घर के बाहर से बकरी चुराकर ले गए; सामने आया CCTV फुटेज

राजस्थान में दिनदहाड़े चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां 9 लाख की कार में आए शातिर चोरों ने महज 1 मिनट में घर के बाहर से दो बकरियां चुरा लीं. इस पूरी वारदात का CCTV अब वायरल हो रहा है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
गाड़ी से उतरे बिना दो बकरियां उठा ले गए चोर.
NDTV Reporter

Rajasthan News: चोरी की खबरें तो आपने बहुत पढ़ी होंगी, लेकिन राजस्थान से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे देखकर हर कोई हैरान है. यहां चोरों ने किसी कीमती सामान पर नहीं, बल्कि घर के बाहर घूम रही बकरियों पर हाथ साफ किया है. ताज्जुब की बात यह है कि ये चोर पैदल या बाइक पर नहीं, बल्कि 9 लाख की कार में बैठकर आए थे. दिनदहाड़े हुई इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज अब सामने आ गया है.

महज 7 मिनट में कर दिया 'खेल'

यह पूरी घटना सीकर जिले के लोसल कस्बे में रामपुरा रोड की है. यहां बिना नंबर प्लेट वाली एक कार में आए शातिर चोरों ने महज 7 मिनट के अंदर इस चोरी को अंजाम दिया. चोरों की नजर घर के बाहर मौजूद दो बकरियों पर थी और उन्होंने बेहद शातिराना अंदाज में उन्हें अपना शिकार बना लिया.

Advertisement

खाने का लालच दिया और कार में खींच लिया

पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में चोरी का ये पूरा तरीका कैद हो गया है. फुटेज में साफ दिख रहा है कि कार की आगे वाली सीट पर बैठा चोर गाड़ी से नीचे भी नहीं उतरा. उसने अंदर बैठे-बैठे ही दरवाजा खोला और बकरियों को खाने की किसी चीज का लालच देकर पास बुलाया. जैसे ही बकरियां कार के करीब आईं, आरोपी ने फुर्ती से दोनों को गाड़ी के अंदर खींच लिया और पलक झपकते ही वहां से रफूचक्कर हो गए.

फुटेज देखा तो उड़े मालिक के होश

बकरियों के मालिक लक्ष्मण राम कुमावत को जब बकरियां नजर आईं तो उन्होंने पहले आस-पड़ोस में काफी तलाश की. जब काफी ढूंढने के बाद भी कुछ पता नहीं चला, तो उन्होंने पास लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग चेक की. फुटेज देखते ही उन्हें पूरी घटना समझ आ गई. इसके बाद पीड़ित लक्ष्मण राम ने तुरंत लोसल पुलिस थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया. फिलहाल पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है और कार सवार बदमाशों की तलाश में जुटी है.

ये भी पढ़ें:- नौकरी जाने से आहत नर्सिंग कर्मी ने दी थी जान, अब पत्नी को मिलेगी नौकरी-आवास, मुआवजा और योजना का लाभ

Topics mentioned in this article