टोल प्लाजा पर Toy Gun से दी धमकी... गाड़ी लेकर निकला, CCTV फुटेज से पुलिस ने दबोचा

आरोपी युवक बारात में शामिल होने जा रहा था और नशे की हालत में था. उसने दूदू पचेवर टोल क्षेत्र में भी इसी तरह का हंगामा किया. वहां भी उसने खिलौना बंदूक दिखाकर कर्मचारियों को डराने की कोशिश की.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
टोल प्लाजा पर धमकी

Rajasthan News: प्रदेश में टोल प्लाजा पर बवाल होते देखे जाते हैं. कभी कार चालक हंगामा खड़ा करता है तो कभी टोल कर्मी गुंडागर्दी करते दिखते हैं. लेकिन ताजा मामला चौंकाने वाला है. जहां टोल प्लाजा पर गाड़ी लेकर निकलने के लिए टॉय गन (Toy Gun) के जरिए धमकी दी. घटना अजमेर के किशनगढ़ है जहां जयपुर रोड स्थित बड़गांव टोल प्लाजा पर देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब नशे में धुत एक युवक ने टोल बूथकर्मी पर खिलौना पिस्तौल तान दी. घटना CCTV कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है.

नशे में ‘गन ड्रामा', बूम खुलवाकर भागी कार

जानकारी के अनुसार युवक कार से अचानक नीचे उतरा और टोल कर्मचारी को पिस्टलनुमा वस्तु दिखाकर धमकाया. घबराए कर्मचारी ने सुरक्षा के मद्देनज़र टोल का बूम खोल दिया, जिसके बाद युवक तेज रफ्तार में कार दौड़ाकर मौके से फरार हो गया. टोल प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी.

दूदू-पचेवर में भी दोहराई हरकत

जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक बारात में शामिल होने जा रहा था और नशे की हालत में था. उसने दूदू पचेवर टोल क्षेत्र में भी इसी तरह का हंगामा किया. वहां भी उसने खिलौना बंदूक दिखाकर कर्मचारियों को डराने की कोशिश की.

पुलिस ने आरोपी को तुरंत किया गिरफ्तार

किशनगढ़ शहर थाना पुलिस को शिकायत मिलते ही जांच शुरू की गई. CCTV फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की गई. बाद में पचेवर थाना पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया. थाना प्रभारी बन्नालाल का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पिस्तौल खिलौना पाई गई है, लेकिन दहशत फैलाने और कानून व्यवस्था भंग करने के आरोप में सख्त कार्रवाई की जा रही है.

Advertisement

इस घटना के बाद टोल कर्मचारियों में भय का माहौल है. सवाल उठ रहा है कि अगर हथियार असली होता तो क्या बड़ा हादसा हो सकता था? फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है.

यह भी पढ़ेंः रिटायर्ड IAS सुबोध अग्रवाल ने हाई कोर्ट में दायर की याचिका, सुधांश पंत पर कर दिया बड़ा खुलासा

Advertisement