Chittorgarh: चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन थाना क्षेत्र के काछिया खेड़ी गांव में मंगलवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया. यहां एक विवाहिता ने अज्ञात कारणों के चलते अपने दो मासूम बच्चों को कुएं में फेंकने के बाद खुद ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है.
पुलिस के अनुसार काछिया खेड़ी निवासी पारस कच्छावा की पत्नी अंणछी बाई ने यह खौफनाक कदम उठाया. बताया जा रहा है कि महिला ने पहले अपने 5 वर्षीय बेटे मोनू और तीन माह के बेटे सोनू को गांव के पास स्थित एक कुएं में फेंक दिया. इसके बाद वह पास ही स्थित रेलवे ट्रैक पर पहुंची और उदयपुर से दिल्ली जा रही चेतक एक्सप्रेस के आगे कूदकर अपनी जान दे दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
रेलवे ट्रैक पर महिला का शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कपासन उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया. इस दौरान जब महिला के साथ उसके दोनों बच्चे नहीं मिले तो परिजनों और ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने बच्चों की तलाश शुरू की.
कुएं में दोनों बच्चों के शव तैरते हुए मिले
काफी खोजबीन के बाद गांव के पास स्थित एक कुएं में दोनों बच्चों के शव तैरते हुए मिले. सूचना पर पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से बच्चों के शव बाहर निकाले गए. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी हरजी लाल यादव और थाना अधिकारी सुनील शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है कि आखिर महिला ने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया.
यह भी पढ़ें- राजस्थान में निकाय चुनाव लड़ने के लिए 2 बच्चों की बाध्यता खत्म, विधानसभा में पारित हुआ विधेयक