ट्रांसफर होने पर कोतवाल सूरजाराम को घोड़े पर बैठाकर क‍िया व‍िदा, पुलिसकर्मियों की आंखों से छलके आंसू 

नए थानाधिकारी प्रेमाराम विश्नोई को शहर की कमान सौंपी. सूरजाराम के बाद अब प्रेमाराम व‍िश्‍नोई नए कोतवाल बने हैं. 

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
जैसलमेर शहर कोतवाली के थानाधिकारी सूरजाराम चौधरी को घोड़े पर बैठाकर विदा किया.
NDTV Reporter

जैसलमेर शहर कोतवाली के थानाधिकारी सूरजाराम चौधरी का पाली जिले में स्थानांतरण होने पर रविवार को कोतवाली पुलिस की ओर से भावुक विदाई समारोह आयोजित किया गया. पुलिसकर्मियों ने साफा और माला पहनाकर चौधरी का सम्मान किया. इस दौरान उनके कार्यकाल की यादें साझा करते हुए साथियों ने उन्हें भावुक विदाई दी. विदाई समारोह में पुलिसकर्मियों का सूरजाराम चौधरी के प्रति जुड़ाव साफ नजर आया. साथियों ने उनकी अनुशासित, सहयोगात्मक और कर्तव्यनिष्ठ कार्यशैली की जमकर सराहना की.  पुलिसकर्मियों के मुताबिक चौधरी 24 घंटे किसी भी समय ड्यूटी के लिए तैयार रहते थे.  समय की पाबंदी और जिम्मेदारियों के प्रति उनकी निष्ठा उनके कार्यकाल की खास पहचान रही. 

खुद आगे रहकर संभालते थे मोर्चा

जैसलमेर कोतवाली में कार्यकाल के दौरान सूरजाराम चौधरी आपात परिस्थितियों में खुद आगे रहकर स्टाफ का मार्गदर्शन करते थे. साथ ही पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने में भी उनकी अहम भूमिका रही. कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास कायम करने की दिशा में उन्होंने लगातार काम किया. 

Advertisement

ढोल-नगाड़ों के बीच घोड़े पर बैठाकर दी विदाई

समारोह का सबसे खास और भावुक पल तब आया, जब पुलिसकर्मियों ने ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच सूरजाराम चौधरी को घोड़े पर बैठाकर कोतवाली से विदाई दी. इस दौरान पुलिसकर्मियों में उत्साह के साथ भावुकता भी नजर आई. साथियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल की यादें साझा कीं और नए कार्यस्थल के लिए शुभकामनाएं दीं. 

नए थानाधिकारी प्रेमाराम विश्नोई का स्वागत

जैसलमेर कोतवाली में नए पदस्थापित थानाधिकारी सीआई प्रेमाराम विश्नोई का भी पुलिसकर्मियों ने स्वागत किया.  उनका अभिनंदन करते हुए पुलिसकर्मियों ने बेहतर कानून-व्यवस्था और प्रभावी पुलिसिंग के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया. अब जैसलमेर कोतवाली की जिम्मेदारी सीआई प्रेमाराम विश्नोई के पास होगी.  उनके सामने शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और प्रभावी पुलिसिंग को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी. 

यह भी पढ़ें: 13 अगस्‍त को ट्रांसफर आदेश, 12 को ज्‍वाइनिंग के न‍िर्देश; श‍िक्षा व‍िभाग के लेटर से श‍िक्षकों का चकराया माथा