सीकर के रामगढ़ शेखावाटी थाना इलाके में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में झालावाड़ के पुलिस अधीक्षक अमित बुडानिया के पिता महावीर प्रसाद की मौत हो गई. हादसा रामगढ़ शेखावाटी के सदीनसर गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक और कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई.
कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
सूचना मिलने पर रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारू करवाया. पुलिस के अनुसार, सोमवार रात महावीर प्रसाद अपनी कार से फतेहपुर से झुंझुनू जा रहे थे. इसी दौरान रामगढ़ थाना क्षेत्र के सदीनसर गांव के पास उनकी कार की एक ट्रक से भिड़ंत हो गई. हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और महावीर प्रसाद कार में गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे. लोगों ने कार में फंसे महावीर प्रसाद को बाहर निकालकर तत्काल फतेहपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सड़क पर वाहनों की लंबी कतार
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान महावीर प्रसाद (62), निवासी शीतसर, झुंझुनूं के रूप में हुई है. महावीर प्रसाद सेना से सेवानिवृत्त थे. उनके पुत्र अमित बुडानिया फिलहाल झालावाड़ जिले में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात हैं. हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर वाहनों की कतार लग गई.
ट्रक चालक को खोज रही पुलिस
सूचना मिलने पर रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल करवाई. पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. ट्रक चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है. इस दर्दनाक हादसे की सूचना के बाद मृतक के परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई. पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें: 400 फीट गहरे बोरवेल में गिरे बच्चे को बाहर निकाला, एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया