किशनगढ़ में सिरफिरे का आतंक! घर के बाहर खड़ी दो कारों को लगाई आग, CCTV में कैद हुई वारदात

किशनगढ़ में रेलवे स्टेशन स्थित विद्यासागर कॉलोनी में एक सिरफिरे युवक ने रात के अंधेरे में एक घर के बाहर पार्क की गई दो कारों को आग के हवाले कर दिया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
किशनगढ़ में एक युवक ने दो कारों में लगाई आग
NDTV

किशनगढ़ में बदमाशों और असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं. आलम ये है कि अब लोगों के घरों के बाहर खड़े कीमती वाहन भी सुरक्षित नहीं हैं. ताजा मामला रेलवे स्टेशन स्थित विद्यासागर कॉलोनी से सामने आया है, जहां एक सिरफिरे युवक ने कुछ ऐसा किया, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. इस अज्ञात व्यक्ति ने रात के अंधेरे में एक घर के बाहर पार्क की गई दो कारों को आग के हवाले कर दिया. यह पूरी खौफनाक वारदात वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके बाद से स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की विद्यासागर कॉलोनी की है. कॉलोनी में स्थित भगवान सिंह राठौड़ के मकान में संदीप कुमार नामक व्यक्ति किराए पर पूरे परिवार के साथ रहते हैं. संदीप कुमार ने रोजाना की तरह अपनी गाड़ियां घर के बाहर सड़क किनारे सुरक्षित पार्क की थीं. इसी दौरान देर रात एक अज्ञात सिरफिरा युवक वहां गलियों में घूमता हुआ पहुंचा.

Advertisement

ज्वलनशील पदार्थ से कार को किया खाक

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, युवक की हरकतें बेहद संदिग्ध थीं. उसने कुछ ही सेकंड के भीतर दोनों कारों में ज्वलनशील पदार्थ की मदद से आग लगा दी और मौके से फरार हो गया. कार में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं. आधी रात को आग की तेज तपिश और खिड़की से बाहर उठती रोशनी को देखकर जब पीड़ित संदीप और आस-पास के पड़ोसी जागे, तो बाहर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए.

कबाड़ में तब्दील हुई कीमती कारें

पूरी कॉलोनी में तुरंत चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास करते हुए तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग और गांधीनगर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्परता से मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया. हालांकि, जब तक आग बुझाई जाती, तब तक दोनों कीमती कारें जलकर पूरी तरह कबाड़ में तब्दील हो चुकी थीं.

अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी ने कितनी तसल्ली से चंद सेकंड में इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया. इस घटना के बाद से विद्यासागर कॉलोनी के अन्य वाहन मालिकों और आम निवासियों में असुरक्षा और खौफ की भावना पैदा हो गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित संदीप कुमार की रिपोर्ट पर गांधीनगर थाना पुलिस ने अज्ञात असामाजिक तत्व के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. थाना पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी के हुलिये को मैच कर रही हैं और उसकी शिनाख्त करने के प्रयास में जुटी हुई हैं.

ये भी पढ़ें- जैसलमेर का रामदेवरा इतिहास रचने को तैयार, हवा में लटकी 18000 स्क्वायर फीट की धर्मशाला