राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में नाकाबंदी कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस टीम ने एक कार में संदिग्ध रूप से घूम रहे आरोपियों को रोकने की कोशिश की. आरोपियों ने पुलिस बैरिकेड तोड़कर भागने की कोशिश की. इसके बाद पुलिस ने भाग रहे तस्करों को रोकने के लिए सड़क पर ट्रैक्टर ट्रॉली खड़ी कर दी. जिस पर उन लोगों ने ट्रॉली पर जोरदार टकरा मारी. हालांकि, इस दौरान तस्करों की कार का टायर फट गया. आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में मादक पदार्थ और हथियार बरामद किए गए हैं.
कार की टक्कर से खिसक गई ट्रॉली
श्रीगंगानगर एसपी हरिशंकर ने जानकारी देते हुए बताया कि समेजा थाना पुलिस को तस्करी की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सड़क पर दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को आड़ा-तिरछा खड़ा कर नाकाबंदी की. इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार मौके पर पहुंची और नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश में ट्रॉली से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली करीब 2 से 3 फीट तक खिसक गई.
पाकिस्तान-चाइना मेड मिले हथियार
कार सवार तस्करों ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे टायरों से धुआं निकलने लगा. इसके बाद दोनों आरोपी कार छोड़कर खेतों की ओर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब डेढ़ किलोग्राम हीरोइन, एक किलोग्राम अफीम, पांच पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. बरामद पिस्तौलों में से चार पर "मेड इन पाकिस्तान" और एक पर "मेड इन चाइना" लिखा हुआ है.
पंजाब के फाजिल्का के रहने वाले हैं तस्कर
आरोपियों की पहचान कुलविंदर सिंह और रॉबिन सिंह के रूप में हुई जो पंजाब के फाजिल्का ज़िले के रहने वाले हैं. हेरोइन की आपूर्ति भी सीमा-पार से होने का संदेह है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है. फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की जांच में जुटी हुई है.
यह भी पढ़ें-
पंजाब का कुख्यात गैंगस्टर जीशान अख्तर के गुर्गे को AGTF ने किया गिरफ्तार, दौसा का रहने वाला है आरोपी
जयपुर में गर्भवती महिला से छेड़छाड़ के करीब 1 महीने बाद SHO लाइन हाजिर, इन 4 CI के भी हुए तबादले