जोधपुर में बरात आने से पहले उठी अर्थी, दो सगी बहनों ने की आत्महत्या; आज ही होनी थी शादी

बताया जा रहा है कि अस्पताल से शव घर ले जाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे. इसी बीच बहनों के मामा को घटना की जानकारी मिली, जिन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
दोनों बहनों की शादी आज होनी थी और घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं.

Jodhpur News: जोधपुर के सूरसागर थाना क्षेत्र के मनाई गांव में शादी वाले घर में मातम छा गया. शादी के दिन ही दो सगी बहनों ने कथित रूप से कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली. मृतक बहनों की पहचान शोभा और विमला के रूप में हुई है, जो पेशे से शिक्षिका थीं. घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.

जानकारी के अनुसार, दोनों बहनों की शादी आज होनी थी और घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं. एक दिन पहले ही घी पिलाने की रस्म भी आयोजित की गई थी. देर रात दोनों बहनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उन्हें प्रतापनगर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.

पहले भीनमाल में सगाई हुई थी, जिसे बाद में चाचा ने तुड़वा दिया था

बताया जा रहा है कि अस्पताल से शव घर ले जाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे. इसी बीच बहनों के मामा को घटना की जानकारी मिली, जिन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मामा का आरोप है कि यदि पुलिस पांच मिनट देर से पहुंचती तो अंतिम संस्कार कर दिया जाता. उन्होंने यह भी बताया कि दोनों की पहले भीनमाल में सगाई हुई थी, जिसे बाद में चाचा ने तुड़वा दिया था और अब पोकरण के आगे जैम्ला गांव में शादी तय की गई थी.

उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे

सूचना मिलने पर सूरसागर थाना पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा साक्ष्य जुटाए. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया है. मृतक बहनों के पिता दीप सिंह मजदूरी करते हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और प्रारंभिक तौर पर कीटनाशक सेवन से मौत की आशंका जताई जा रही है. हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.

Advertisement

यह भी पढ़ें- राजस्थान में SIR के बाद कट गए 31 लाख से ज़्यादा वोटरों का नाम, चुनाव आयोग ने जारी की फाइनल वोटर लिस्ट