उदयपुर स्कूल हादसा: आधी रात थाने में घुसी करणी सेना, जिद करके प्रिंसिपल को बुलाया; जानें फिर आगे क्या हुआ?

सोमवार को गोवर्धन विलास इलाके के सेंट एंथोनी स्कूल में अपने माता-पिता का इकलौता बेटा खेल के मैदान में खेल रहा था. इसी दौरान खेल परिसर में लगा भारी-भरकम हैंडबॉल पोल अचानक बच्चे पर गिर गया, जिससे उसे जानलेवा चोटें आईं और उसकी मौत हो गई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
सेंट एंथोनी स्कूल कांड: रातभर थाने में चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, हत्या का केस और मुआवजे पर बनी बात
NDTV Reporter

Udaipur News: राजस्थान के उदयपुर जिले में स्थित सेंट एंथोनी स्कूल में हैंडबॉल का पोल गिरने से 8 साल के मासूम की दर्दनाक मौत का मामला अब गरमा गया है. मंगलवार रात उदयपुर का गोवर्धन विलास थाना छावनी में तब्दील हो गया, जब करणी सेना और राजपूत समाज के सैकड़ों लोग थाने के बाहर धरने पर बैठ गए. प्रदर्शनकारियों का गुस्सा इतना था कि वे सीधे थानाधिकारी के चैंबर में घुस गए और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़ गए.

आधी रात थाने में प्रिंसिपल की पेशी

प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि स्कूल के प्रिंसिपल विलियम डिसूजा को तुरंत थाने बुलाया जाए. बिगड़ते हालात को देख थाने की सुरक्षा बढ़ा दी गई. देर रात पुलिस ने प्रिंसिपल को थाने बुलवाया, जहां समाज के प्रतिनिधि मंडल और पुलिस अधिकारियों के बीच लंबी वार्ता चली. परिजनों की ओर से हत्या का मुकदमा दर्ज करने के लिए लिखित रिपोर्ट दी गई है. काफी गहमागहमी के बाद, आर्थिक मुआवजे और कानूनी कार्रवाई के आश्वासन पर सहमति बनी, जिसके बाद देर रात मामला शांत हुआ. फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement

मानवाधिकार आयोग ने लिया स्वतः संज्ञान

इस घटना पर राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग ने भी कड़ा रुख अख्तियार किया है. आयोग के अध्यक्ष जस्टिस जी.आर. मूलचंदानी ने इसे बेहद दुखद बताते हुए उदयपुर कलेक्टर, संभागीय आयुक्त और पुलिस अधीक्षक को घटना का संपूर्ण ब्यौरा और तथ्यात्मक रिपोर्ट बिना देरी पेश करने के निर्देश दिए हैं. आयोग ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सभी स्कूलों में खेल उपकरणों, पोल और खंभों की सुरक्षा जांच की जाए ताकि फिर किसी इकलौते चिराग की जान न जाए.

क्या था पूरा मामला?

बताते चलें कि सोमवार को गोवर्धन विलास इलाके के सेंट एंथोनी स्कूल में अपने माता-पिता का इकलौता बेटा खेल के मैदान में खेल रहा था. इसी दौरान खेल परिसर में लगा भारी-भरकम हैंडबॉल पोल अचानक बच्चे पर गिर गया, जिससे उसे जानलेवा चोटें आईं और उसकी मौत हो गई. इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है और अब जिम्मेदारों की गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई है.

ये भी पढ़ें:- झुकने को तैयार नहीं मजदूर, BKT कंपनी के गेट पर बैरिकेडिंग से और बिगड़ी बात; भारी पुलिस बल तैनात