7 hours ago

UPSC Result 2025 Final LIVE: देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षा, संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिए गए हैं. इस बार राजस्थान के लिए यह गौरव का पल बनकर आया है. चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा के रहने वाले अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक 1 (AIR 1) हासिल कर पूरे देश में प्रदेश का परचम लहरा दिया है.

अनुज की यह सफलता केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है जो छोटे शहरों से बड़े सपने देखते हैं. पेशे से डॉक्टर अनुज ने AIIMS जोधपुर से MBBS की पढ़ाई पूरी की थी, लेकिन उनकी मंजिल केवल अस्पतालों तक सीमित नहीं थी. उन्होंने समाज की जड़ों में बदलाव लाने के लिए खाकी और खादी के इस संगम वाली सेवा को चुना. आज जब UPSC की फाइनल मेरिट लिस्ट जारी हुई, तो अनुज का नाम सबसे ऊपर चमक रहा था, जिसने राजस्थान के हर नागरिक का गर्वित कर दिया.

इस साल UPSC ने कुल 958 उम्मीदवारों के नामों की सिफारिश की है, जिसमें राजस्थान के अन्य युवाओं ने भी शानदार प्रदर्शन किया है. जहां एक तरफ अनुज अग्निहोत्री की जीत का जश्न पूरे प्रदेश में मनाया जा रहा है, वहीं राजस्थान की अन्य बड़ी खबरों में मौसम का बदलता मिजाज और सरकार के नए शिक्षा बजट की घोषणाएं भी सुर्खियां बटोर रही हैं. ताजा अपडेट के लिए जुड़े रहें NDTV राजस्थान के इस लाइव ब्लॉग के साथ...

Here Are The Live Updates of UPSC Final Result 2025

Mar 06, 2026 23:01 (IST)

मां ने मजदूरी कर बेटी को पढ़ाया, एक-एक पैसे जोड़कर दिल्ली पढ़ने के लिए भेजा. वहीं अनीता ने भी मां की मेहनत और अपने सपने को टूटने नहीं दिया और आज वह IAS बनने में सफल हुई.

पूरी कहानी पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Mar 06, 2026 20:35 (IST)

UPSC CSE Result: RAS पद को ठुकरा कर सौरभ बना IAS

सौरभ शर्मा ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया 146वीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे बूंदी जिले का नाम रोशन किया है. सौरभ के दादा और वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि यह सफलता सौरभ की कई वर्षों की कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम है. सौरभ पिछले चार वर्षों से लगातार यूपीएससी की तैयारी कर रहा था और अपने लक्ष्य को लेकर बेहद गंभीर था. एक समय सौरभ का चयन राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) में हो गया था, लेकिन उसने उस पद को स्वीकार नहीं किया. परिवार ने उसे समझाया भी कि आरएएस भी एक प्रतिष्ठित सेवा है, लेकिन सौरभ ने साफ कहा कि उसका सपना केवल आईएएस बनना है और वह उसी के लिए प्रयास करेगा.

Mar 06, 2026 18:00 (IST)

UPSC CSE Result: बीकानेर की नमिता को तीसरे प्रयास में सफलता

बीकानेर की नमिता सोनी ने यूपीएससी सिविल सर्विसेज परीक्षा के फाइनल रिजल्ट में 547वां रैंक हासिल किया है. नमिता का चयन तीसरे प्रयास में हुआ है इससे पहले भी वह दो बार लिखित परीक्षा पास कर इंटरव्यू तक पहुंच चुकी थीं. लेकिन इस बार कड़ी मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने सफलता हासिल कर ली. नमिता ने वर्ष 2020 से 2022 तक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में नौकरी की. लेकिन सिविल सर्विसेज में जाने का सपना पूरा करने के लिए उन्होंने नौकरी छोड़कर पूरी तरह यूपीएससी की तैयारी शुरू की. नमिता के पिता दामोदर सोनी ज्वेलर का काम करते हैं, जबकि उनकी माता मंजू सोनी नोखा में महिला एवं बाल विकास अधिकारिता विभाग में सीडीपीओ पद पर कार्यरत हैं.

Mar 06, 2026 17:56 (IST)

UPSC CSE Result: बालोतरा से गौरव और जितेंद्र को मिली सफलता

बालोतरा के पचपदरा के गौरव चोपड़ा ने 83वां रैंक हासिल किया है. वहीं जितेंद्र प्रजापत ने भी 287वां रैंक हासिल किया है. दोनों ही परिवार में खुशी की लहर है.

Advertisement
Mar 06, 2026 17:53 (IST)

UPSC CSE Result: किसान का बेटा प्रवीण रतनू बने IAS

UPSC सिविल सर्विस 2025 फाइनल रिजल्‍ट में जैसलमेर के प्रवीण रतनू को सफलता मिली है. उन्होंने 499वां रैंक हासिल किया है. वह पोकरण विधानसा के बोनाड़ा गांव के रहने वाले हैं. वह काफी समय से जयपुर और दिल्ली में रहकर तैयारी कर रहे थे. बताया जाता है कि उनके पिता एक किसान हैं.

Mar 06, 2026 17:50 (IST)

UPSC CSE Result: IPS का बेटा बना IPS

राजस्थान में आईपीएस ज्ञानचंद के बेटे अनुराग सिंह आईपीएस बने हैं. अनुराग ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 120वां रैंक हासिल किया है.

Advertisement
Mar 06, 2026 16:53 (IST)

UPSC CSE Result: सीएम भजनलाल शर्मा ने टॉपर अनुज को दी बधाई

सीएम भजनलाल शर्मा ने एक्स पोस्ट पर कहा, UPSC सिविल सेवा परीक्षा-2025 में प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश का मान बढ़ाने वाले राजस्थान के सपूत अनुज अग्निहोत्री को बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं. आपकी यह अभूतपूर्व उपलब्धि राज्य के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का काम करेगी. परीक्षा में सफल हुए सभी अन्य अभ्यर्थियों को भी हार्दिक शुभकामनाएं! मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी पूर्ण निष्ठा से 'राष्ट्र सेवा' का संकल्प सिद्ध करेंगे.

Mar 06, 2026 16:36 (IST)

UPSC CSE Result: सात साल बाद UPSC CSE में राजस्थान से टॉपर

UPSC CSE रिजल्ट में एक बार फिर राजस्थान से टॉपर मिला है. वहीं इससे पहले 7 साल पहले 2018 के रिजल्ट में कनिष्क कटारिया ने इसी परीक्षा में टॉप किया था. कनिष्क कटारिया जयपुर के रहने वाले हैं. अब 2025 के रिजल्ट में रावतभाटा के अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल किया है.

Advertisement
Mar 06, 2026 16:28 (IST)

UPSC CSE Result: संघ लोक सेवा आयोग के सिविल सेवा रिजल्ट के टॉप 10

यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 के फाइनल रिजल्ट में टॉप 10 में लड़कों ने बाजी मारी है.

1. अनुज अग्निहोत्री (रोल नंबर: 1131589)

2. राजेश्वरी सुवे एम (रोल नंबर: 4000040)

3. अकांश ढुल (रोल नंबर: 3512521)

4. राघव झुनझुनवाला (रोल नंबर: 0834732)

5. ईशान भटनागर (रोल नंबर: 0409847)

6. जिनिया अरोड़ा (रोल नंबर: 6410067)

7. एआर राजा मोहिदीन (रोल नंबर: 0818306)

8. पक्शल सेक्रेटरी (रोल नंबर: 0843487)

9. आस्था जैन (रोल नंबर: 0831647)

10. उज्जवल प्रियंक (रोल नंबर: 1523945)

Mar 06, 2026 16:20 (IST)

UPSC CSE Result: फलोदी के मयंक पुरोहित को मिला AIR-33

जोधपुर के फलोदी शहर निवासी मयंक पुरोहित को UPSC रिजल्ट में ऑल इंडिया 33वीं रैंक के साथ IAS बन गए हैं. इससे पहले मयंक पुरोहित IFS में ऑल इंडिया में 7 वीं रैंक के साथ IFS बने थे, फलोदी निवासी मयंक पुरोहित ने फलोदी का नाम रोशन किया है. मयंक के पिता दिनेश पुरोहित पेशे किसान हैं, वहीं आईएएस बनने के बाद मयंक के पिता को बधाई देने वालों का तांता लगा है.

Mar 06, 2026 16:13 (IST)

UPSC CSE Result: कोटपूतली के हिमांशु बने IAS

कोटपूतली के हिमांशु निमोरिया का आईएएस में चयन हुआ है. हिमांशु को ऑल इंडिया में 263वी रैंक हासिल किया है. क्षेत्र में खुशी का माहौल दिख रहा.

Mar 06, 2026 16:11 (IST)

UPSC CSE Result: जोधपुर की अनीता देवड़ा बनी IAS

जोधपुर से भोपालगढ़ की बेटी अनीता देवड़ा IAS बन गई है. श्यामलाल देवड़ा की बेटी अनीता देवड़ा का UPSC IAS में 644वीं रैंक मिली, भोपालगढ़ क्षेत्र में खुशी का माहौल. परिवार में मनाई जा रही खुशियां,दादा भेरूलाल देवड़ा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जेपी देवड़ा, नगर कांग्रेस उपाध्यक्ष जीवनराम जाखड़ सहित लोगों ने दी बधाई.

Mar 06, 2026 16:07 (IST)

UPSC CSE रिजल्ट में 958 कैंडिडेट का चयन

संघ लोक सेवा आयोग के सिविल सेवा परीक्षा के रिजल्ट में 958 कैंडिडेट का चयन किया गया है. जिसमें राजस्थान कोटा के अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान प्राप्त किया है. राजेश्वरी सुवे एम और अकांश ढुल ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया है.

कुल सफल 958 अभ्यर्थीयों में 180 आईएएस, 55 आईएफएस, 150 आईपीएस अधिकारी चुने गए हैं.

Mar 06, 2026 16:06 (IST)

यूपीएससी 2025 टॉपर अनुज अग्निहोत्री कौन हैं

संघ लोक सेवा आयोग के सिविल सर्विसेज परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया गया है. इस बार 958 उम्मीदवारों को सफलता हासिल हुई है. वहीं इस बार फिर राजस्थान के लिए गौरव पल है क्योंकि राजस्थान के कोटा के पास छोटे शहर रावतभाटा के रहने वाले अनुज अग्निहोत्री ने UPSC CSE 2025 रिजल्ट में पहला स्थान प्राप्त किया है.
पूरी कहानी के लिए इस लिंक पर क्लिक करें