राजस्थान के इस मंदिर में 22 साल से जल रही वसुंधरा राजे की अखंड ज्योति, डेढ़ करोड़ की लागत से नए मंदिर का निर्माण शुरू

Jhalawar Balaji Temple: सैकड़ों साल पुराने मंदिर की विशेष आस्था है, अब इसके ठीक सामने भगवान राम का मंदिर बनाया जा रहा है. 

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
राड़ी का बालाजी मंदिर

Rajasthan News: राजस्थान के झालावाड़ जिले के प्रसिद्ध राड़ी का बालाजी मंदिर परिसर में अब जल्द ही राम दरबार सजेगा. यहां भव्य राम मंदिर का कार्य शुरू किया गया है, जो डेढ़ करोड़ की लागत से लगभग एक वर्ष में पूरा होगा. वसुंधरा राजे सिंधिया की इस मंदिर से विशेष आस्था है. यही वजह है कि उनकी अखंड ज्योति यहां पर जलती है. जानकारी के अनुसार राजे 2003 में जब पहली बार सीएम बनीं थी तभी से यह अखंड ज्योति जलाने का सिलसिला शुरू किया गया था. आज भी इस अखंड ज्योति की सारी व्यवस्था राजे की ओर से ही की जाती है. पूर्व सीएम वसुंधरा राजे यहां विशेष पूजा अर्चना करने के बाद ही अपना नामांकन दाखिल करती हैं. सैकड़ों साल पुराने मंदिर की विशेष आस्था है अब इसके ठीक सामने भगवान राम का मंदिर बनाया जा रहा है.

डेढ़ करोड़ की लागत से बन रहा मंदिर

राड़ी का बालाजी मंदिर परिसर में महावीर सेवादल की ओर से रविवार को प्रभु श्रीराम दरबार के भव्य मंदिर निर्माण का नींव पूजन हुआ, इसमें 11 चांदी की ईटे रखी गई हैं. इस मंदिर की खास बात यह होगी कि राम दरबार मन्दिर यहां स्थित हनुमान मंदिर के सामने होगा. मतलब हनुमान जी का मस्तक और राम जी के चरण एक दूसरे को दिखाई देंगे. यहां हनुमान जी की प्रतिमा अपने स्वामी भगवान राम के दर्शन करते हुए नजर आएगी. मंदिर की अनुमानित लागत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई गई है, जो करीब 1 साल में बनकर तैयार होगा. यह मंदिर हनुमान मन्दिर से सवा फिट ऊंचा, चौड़ा और बड़ा होगा.

Advertisement

जन सहयोग से किया जाएगा मंदिर का निर्माण

प्रवक्ता अनिल कसेरा ने बताया कि सिद्ध मुहूर्त वैशाख की सप्तमी तिथि पूर्वा आषाढ़ नक्षत्र सिद्ध नाम योग यह सब मिल कर अमृत सिद्ध योग में रविवार को प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर का नींव पूजन संपन्न हुआ. इसमें महवीर सेवादल के अध्यक्ष संजय जैन सपत्निक और श्री कृष्ण गौशाला अध्यक्ष दिलीप मित्तल ने सपत्निक पूजा अर्चना की, मंदिर में मकराना मार्बल से अंदर की मूर्तियां और परिसर होगा पूरे काम की 3 आर्किटेक्ट मॉनिटरिंग करेंगे, मंदिर का निर्माण जन सहयोग से किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें- भजनलाल मंत्रिमंडल में फेरबदल की सुगबुगाहट! शेखावाटी और मेवाड़ से नए चेहरे को मिल सकती जगह