Watch Video: पानी के लिए महीनों से परेशान महिलाओं ने घेर ली कार, इतना कोसा कि JEN लगी रोने

महिलाओं ने जेईएन अंतरा मीणा (Antara Meena) को घेर लिया और कहा,"तुम्हें शर्म नहीं आती? इतने दिनों से हम परेशान हैं.कोई सुनवाई नहीं हो रही." पढ़िए रवींद्र कुमार की रिपोर्ट.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
जेईएन अंतरा मीणा निरीक्षण के लिए गई थी जब गांव की महिलाओं ने उन्हें खरी खोटी सुनाई
NDTV

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ इलाके का एक वीडियो वायरल हो रहा है. वहां की ढाणियां पंचायत में महीनों से पानी की समस्या से परेशान महिलाओं ने एक अधिकारी की कार को घेर लिया. उन्होंने मुआयने के लिए आई एक महिला जेईएन की कार को घेर लिया और उसे इतनी जमकर खरी-खोटी सुनाई कि वह रो पड़ी. इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड हो गया है और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

क्या है पूरा माामला

दरअसल, ढाणियां पंचायत में पिछले पांच-छह महीनों से पेयजल संकट गहराया हुआ है. गांव में पानी की टंकी और दो ट्यूबवेल होने के बावजूद लोगों को नियमित सप्लाई नहीं मिल रही. ग्रामीणों का आरोप है कि गांव का पानी शहर की ओर भेजा जा रहा है. वहीं,  ढाणी के लोग सुबह दो से पांच मिनट की सप्लाई पर निर्भर हैं. कई घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है और हालात इतने खराब हैं कि लोगों को टैंकर मंगवाकर गुजारा करना पड़ रहा है. 

Advertisement

कल, 7 मई की शाम को जेईएन अंतरा मीणा मौके पर पहुंचीं तो पहले से नाराज महिलाएं एकजुट होकर मौके पर पहुंच गईं. इसके बाद महिलाओं ने जेईएन को खूब खरी-खोटी सुनाना शुरू कर दिया. विरोध बढ़ता देखकर जेईएन गाड़ी में जाकर बैठ गई. लेकिन, देखते ही देखते गाड़ी के चारों ओर महिलाओं की भीड़ जमा हो गई. महिलाओं की आवाज में गुस्सा भी था और कई महीनों की परेशानी भी.

देखें Video-:

जेईएन लगी रोने

वीडियो में दिखता है कि महिलाओं ने जेईएन अंतरा मीणा को घेर लिया और कहा,"तुम्हें शर्म नहीं आती? इतने दिनों से हम परेशान हैं.कोई सुनवाई नहीं हो रही." जेईएन ने उनसे कुछ देर तक बात करने की कोशिश की लेकिन जेईएन महिलाओं की बातें सुनते-सुनते इतने दबाव में आ गई कि अंतरा मीणा की आंखों से आंसू निकल पड़े. 

उन्हें रोता देख कुछ पल के लिए वहां मौजूद लोग भी शांत हो गए, लेकिन महिलाओं का दर्द तब भी कम नहीं हुआ.एक महिला ने भावुक होकर कहा,"हम तो कई दिनों से रो रहे हैं, तुम तो आज ही रो रही हो."

Advertisement

अधिकारी को लगाया फोन

जेईएन ने इस बीच फोन पर अधिकारियों को बताया कि उनके साथ अभद्र व्यवहार हो रहा है और हाथ उठाने की कोशिश की जा रही है. हालांकि गांव के कुछ युवकों ने बीच-बचाव करते हुए महिलाओं को शांत करने का प्रयास किया और कहा कि हाथापाई नहीं हुई है और कोई ऐसा नहीं करेगा. 

Advertisement

इस दौरान स्थानीय भाजपा नेता राजेश कटेवा भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों का समर्थन करते हुए कहा कि गांव का पानी गांव के लोगों को मिलना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही के कारण हालात बिगड़ते जा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि ढाणियां पंचायत के लिए बने ट्यूबवेलों का पानी शहर में सप्लाई किया जा रहा है और इससे करीब 500 परिवार प्रभावित हैं.

वहीं जेईएन अंतरा मीणा ने कहा कि वे एक्सईएन के निर्देश पर मौके पर पहुंची थीं. कर्मचारियों की बाइक की चाबी छीने जाने की सूचना मिली थी, उसी संबंध में वे ढाणी आई थीं.

ये भी पढ़ें-: Rajasthan: जयपुर के नामी ज्वेलर से गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग ने मांगी 5 करोड़ की रंगदारी, वॉट्सऐप पर मैसेज भेजकर दी धमकी

Topics mentioned in this article