किशनगढ़ के अरांई थाना क्षेत्र के छोटालाम्बा गांव में महिला की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया. पुलिस जांच में सामने आया है कि एक महिला ने युवक और नाबालिग को खेत में आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था. कथित तौर पर बदनामी के डर से युवक ने नाबालिग के साथ मिलकर महिला की हत्या कर दी. आरोप है कि महिला की ही ओढ़नी से गला घोंटने के बाद शव को कुएं में फेंक दिया गया. वारदात के बाद आरोपी ने खुद को बेगुनाह दिखाने के लिए महिला की तलाश में परिजनों के साथ शामिल होने का प्रयास किया. पुलिस ने मामले में 25 वर्षीय शंकर लाल बैरवा को गिरफ्तार किया है, जबकि नाबालिग बालिका को निरुद्ध कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
चारा लेने निकली थी सोनी देवी
सीओ ग्रामीण आयुष वशिष्ठ ने अनुसार, छोटालाम्बा निवासी सोनी देवी बैरवा अपने पशुओं के लिए चारा लेने खेत की ओर गई थीं. इसी दौरान वह गांव के ही शंकर लाल बैरवा पुत्र नाथूलाल बैरवा के बाड़े के पास स्थित ज्वार के खेत की तरफ पहुंचीं. पुलिस जांच में सामने आया कि वहां शंकर लाल एक पूर्व परिचित नाबालिग बालिका के साथ मौजूद था. महिला ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखकर कथित तौर पर टोका और डांट-फटकार की.
विरोध के बाद बिगड़ी बात, हत्या का आरोप
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, महिला के विरोध और घटना के गांव में सामने आने की आशंका से दोनों घबरा गए. आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने महिला पर हमला कर दिया. पुलिस के अनुसार महिला की ओढ़नी से उसका गला घोंटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी ने नाबालिग को उसके घर भेज दिया और खुद सामान्य व्यवहार करता रहा.
कुएं में फेंका शव
सीओ ग्रामीण आयुष वशिष्ठ के अनुसार हत्या के बाद आरोपी ने घटना छिपाने के लिए अंधेरा होने का इंतजार किया. इसके बाद महिला के शव को नजदीक स्थित एक कुएं में फेंक दिया. वारदात के बाद आरोपी ने खुद को शक से दूर रखने के लिए परिजनों के साथ महिला की तलाश में शामिल होने का प्रयास किया. इससे शुरुआत में मामला सामान्य गुमशुदगी जैसा नजर आया, लेकिन कुएं से शव मिलने के बाद परिस्थितियां बदल गईं.
सड़क पर उतरे लोग
महिला का शव कुएं से बरामद होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई. निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया तथा सड़क जाम की स्थिति भी बनी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी.
आरोपी के गायब होने से बढ़ा शक
जांच के दौरान पुलिस की नजर शंकर लाल की गतिविधियों पर भी गई. बताया गया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के दौरान आरोपी अचानक वहां से गायब हो गया. उसके व्यवहार और घटनाक्रम को लेकर पुलिस का संदेह गहराया. इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरू की और उसे डिटेन कर पूछताछ की.
पूछताछ में खुला हत्या का राज
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर शंकर लाल से घटनाक्रम के संबंध में जानकारी ली गई. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने नाबालिग के साथ मिलकर महिला की हत्या करने की बात स्वीकार की. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि नाबालिग को निरुद्ध किया गया है.
यह भी पढ़ें: "राजकुमार बराला को चुनाव जिताओ, कोई लड़का कुंवारा नहीं रहेगा", बीजेपी के पूर्व विधायक का ऐलान