Alwar News: राजस्थान के अलवर जिले के लिए गर्व का पल है. शहर के बुद्ध विहार विस्तार की रहने वाली कुनिका सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में 342वीं रैंक हासिल कर अपनी मेधा का लोहा मनवाया है. कुनिका की इस बड़ी कामयाबी की खबर मिलते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया. ढोल-नगाड़ों की थाप और फूलों की मालाओं के साथ कुनिका का भव्य स्वागत किया गया, जिससे पूरे मोहल्ले में दीपावली जैसा माहौल नजर आया.
मेहनत और लगन से पाया मुकाम
अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कुनिका सिंह ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के अटूट सहयोग को दिया है. कुनिका ने बताया कि वह आने वाले समय में पूरी ईमानदारी और मेहनत से कार्य कर अलवर का नाम और भी ऊंचा करना चाहती हैं. उन्होंने युवाओं के लिए एक खास संदेश देते हुए कहा कि यदि मन में पक्की लगन हो और लक्ष्य की ओर सही दिशा में मेहनत की जाए, तो सफलता निश्चित रूप से कदम चूमती है.
'बेटा-बेटी में कोई फर्क नहीं'
कुनिका के पिता महेंद्र सिंह चौहान, जो पेशे से भौतिक विज्ञान (Physics) के सीनियर प्रोफेसर हैं, अपनी बेटी की उपलब्धि पर भावुक और गौरवान्वित नजर आए. उन्होंने समाज को संदेश देते हुए कहा कि आज के दौर में बेटा और बेटी के बीच कोई अंतर नहीं रह गया है. यदि बेटियों को सही मार्गदर्शन और समान अवसर दिए जाएं, तो वे हर क्षेत्र में परिवार और देश का गौरव बढ़ा सकती हैं.
पारिवारिक पृष्ठभूमि और उत्साह
कुनिका सिंह एक शिक्षित और प्रतिष्ठित परिवार से ताल्लुक रखती हैं. उनके पिता सीनियर प्रोफेसर हैं, चाचा अलवर के सामान्य चिकित्सालय में डॉक्टर के पद पर तैनात हैं, और माता एक कुशल गृहिणी हैं. परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लोग कुनिका की इस सफलता को अलवर के लिए एक बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं. साफा और माला पहनाकर किए गए इस सम्मान समारोह ने शहर के युवाओं में भी एक नया उत्साह भर दिया है.
ये भी पढ़ें:- 'क्या बेटी होना ही मेरा दोष है?' रेपिस्ट पिता की उम्रकैद बरकरार; हाईकोर्ट ने फैसले में बयां किया दर्द