राजस्थान के अजमेर जिले के पुष्कर क्षेत्र में एक नरकंकाल मिलने से सनसनी फैल गई. घटना बटवाय गणेश मंदिर के आगे स्थित घने जंगलों की है. जहां एक अज्ञात नर कंकाल अलग-अलग टुकड़ों में मिला. जिसकी सूचना ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को दी, मौके पर पहुंच पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की.
जंगल में कांकाल मिलने से मचा हड़कंप
मामले को लेकर थाना अधिकारी विक्रम सिंह राठौड़ ने बताया कि पुलिस को जंगल में किसी मानव का कंकाल पड़े होने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचने पर पुलिस को खोपड़ी, हड्डियों के कई टुकड़े, बाल तथा महिला के कपड़े बरामद हुए. पुलिस ने आगे बताया कि प्रारंभिक तौर पर यह कंकाल किसी महिला का प्रतीत हो रहा है. घटनास्थल सुनसान और घने जंगलों के बीच होने के कारण पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.। कंकाल काफी पुराना बताया जा रहा है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि यह घटना कई महीने पुरानी हो सकती है.
एफएसएल टीम जुटी जांच में, गुमशुदगी रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा सके. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कंकाल आखिर किस महिला का है और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई. इसके लिए पुष्कर थाना क्षेत्र के साथ-साथ अजमेर जिले एवं आसपास के विभिन्न थानों में दर्ज महिला गुमशुदगी मामलों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है.
जांच में जुटी पुलिस
जांच को लेकर पुलिस का कहना है कि डीएनए और अन्य वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. फिलहाल बरामद कंकाल और अन्य अवशेषों को पुष्कर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है. पुलिस आसपास के ग्रामीणों और चरवाहों से भी पूछताछ कर रही है ताकि किसी प्रकार की जानकारी मिल सके। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस पर स्मारकों और संग्रहालयों में फ्री एंट्री, तिलक लगाकर होगा शाही स्वागत