विज्ञापन
This Article is From Feb 06, 2026

Rajasthan: चांदी के गहनों के लिए 90 साल की बुजुर्ग को घर से उठा ले गए बदमाश, 3 KM दूर खेत में मिलीं मांगी देवी

भीलवाड़ा के कोठिया गांव में गहने लूटने की नीयत से बदमाशों ने 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला को घर के आंगन से अगवा कर लिया. सवाई माधोपुर जैसी घटना दोहराई जाती, उससे पहले ही ग्रामीणों की बहादुरी ने बचा ली जान. पढ़ें पूरी खबर

Rajasthan: चांदी के गहनों के लिए 90 साल की बुजुर्ग को घर से उठा ले गए बदमाश, 3 KM दूर खेत में मिलीं मांगी देवी
Bhilwara News
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में अभी कुछ ही दिन पहले गहनों के लिए एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. चांदी के कड़े लूटने के लिए बदमाशों ने उनके दोनों पांव तक काट दिए थे. ठीक वैसा ही खौफनाक मंजर 5 फरवरी को भीलवाड़ा जिले के कोठिया गांव में दोहराया जा सकता था, लेकिन ग्रामीणों की मुस्तैदी ने उनके प्लान पर पानी फेर दिया, जिससे 90 साल की बुजुर्ग महिला की जान बच गई. 

खेत में ले जाकर गहने लूटने की कोशिश

यह वारदात फुलिया कला थाना क्षेत्र की है. केस की जांच कर रहे इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह ने NDTV राजस्थान को बताया, 'पीड़ित बुजुर्ग महिला मांगी देवी माली (90) अपने घर के आंगन में चारपाई पर सो रही थी. रात के अंधेरे में बदमाश चुपचाप घर में घुसे और बुजुर्ग महिला को उनकी चारपाई से उठाकर करीब 3 किलोमीटर दूर एक सुनसान खेत में ले गए, जहां वे महिला के शरीर पर मौजूद चांदी के गहने उतरने की कोशिश कर रहे थे. महिला शोर न मचाए इसके लिए उन्हें हाथ और मुंह को साड़ी से बांध रखा था.'

कैसे हुआ मामले का खुलासा?

सिंह ने आगे बताया, 'बुजुर्ग महिला की बहू लाली देवी रात को पानी पीने के लिए उठी थीं. उन्होंने देखा कि बिस्तर से दादी गायब हैं. घबराकर उन्होंने शोर मचाया और परिजनों को जगाया. बदमाशों ने पकड़े जाने के डर से गांव के अन्य घरों के दरवाजे बाहर से सांकल लगाकर बंद कर दिए थे, ताकि कोई बाहर न आ सके. लेकिन लाली देवी ने हार नहीं मानी और जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया. शोर सुनकर गांव वाले जाग गए और बदमाशों का पीछा करना शुरू किया. जैसे ही ग्रामीणों की आवाज बदमाशों तक पहुंची, वे डर के मारे बुजुर्ग महिला को खेत में ही छोड़कर फरार हो गए. परिजनों को मांगी देवी खेत में सुरक्षित मिलीं और उनके गहने भी चोरी होने से बच गए.' 

'दादी और उनके सुरक्षित हैं'

पीड़िता की बहू ने बताया, 'दादी को बदमाश उठाकर खेत में ले गए थे. हम सब टॉर्च लेकर वहां पहुंचे तो बदमाश उन्हें छोड़कर भाग खड़े हुए. गनीमत रही कि दादी को खरोंच तक नहीं आई और गहने भी बदमाश नहीं लूट पाए.'

पुलिस ने दर्ज किया परिवाद

थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए परिवाद दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब गांव के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों का सुराग लगाया जा सके. पुलिस के मुताबिक, संतोष की बात यह है कि लूट की वारदात टल गई और बुजुर्ग महिला पूरी तरह सुरक्षित हैं.

यह भी पढ़ें: Rajasthan Weather: राजस्थान में खिलने लगी धूप पर सुबह-शाम की सिहरन बरकरार, जानें अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com