Chittorgarh News: चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन पुलिस थाना क्षेत्र में खून के रिश्ते बीच सड़क पर शर्मसार हो गए. मामला जवानपुरा गांव का है जहां एक मामूली सी बात पर दो सगे भाईयों में लाठी-भाटा जंग और कुल्हाड़ी निकल गई. दोनों परिवारों की इस भिड़ंत ने खौफनाक मोड़ उस समय ले लिया जब कहासुनी से ज्यादा दोनों परिवार के लोग एक दूसरे के खून के प्यासे होकर हथियारों से वार पर वार कर रहे थे. जिसमें एक दंपति गंभीर रूप से घायल हो गया.
खेत में भूसा निकालते समय शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार झगड़े की शुरूआत खेत में काम के दौरान हुई. जब खेत से गेहूं का भूसा (खांखला) निकालते समय बाड़ पर लगे खम्भों में से एक खंभा अचानक टूट गया . इसी छोटी सी बात को लेकर दोनों भाइयों के परिवारों में कहासुनी शुरू हो हुई. देखते ही देखते यह जुबानी जंग इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष हथियार लेकर आमने-सामने आ गए.
कुल्हाड़ी के वार से एक के पैर में आया फ्रैक्चर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्ष आमने-सामने आकर एक-दूसरे पर लाठियों और कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने लगे. इस हमले में अमरचंद जाट का पैर कुल्हाड़ी के वार से फ्रैक्चर हो गया. वहीं, जब उनकी पत्नी बीच-बचाव करने आई तो हमलावरों ने उन पर भी रहम नहीं किया, जिसके कारण उनके शरीर पर भी कई गंभीर चोटें आई हैं.
बीच-बचाव कर ग्रामीणों ने मामला कराया शांत
मौके पर मची चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हुए और किसी तरह बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया. घायल दंपति को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कपासन पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने आपसी विवाद और जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश और मामले की विस्तृत जांच में जुटी है.
यह भी पढ़ें; नाबालिग प्रेमी जोड़े ने ट्रेन से कटकर दी जान, इंस्टाग्राम पर लिखा सुसाइड नोट- 'वादा दोस्ती का किया था जिंदगी...'