Hanumangarh News: हनुमानगढ़ जिले में रोड़वेज बस में नाबालिग के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है. घटना भादरा इलाके की है. जहां महज किराए में एक रुपये कम होने पर रोडवेज बस के चालक ने नाबालिग को डंडों और लोहे की रॉड से बुरी तरह पीटा. जिसका वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था. वीडियो के पुलिस के हाथ लगने के बाद एक्शन लेते हुए मामले से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है.
1 रुपये को लेकर बस के अंदर शुरू हुई कहासुनी
मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि वीडियो 8 मई का है. पीड़ित नाबालिग रजत शादी समारोह से लौटकर रोडवेज बस से अपने गांव मलसीसर जा रहा था. जहां की टिकट 11 रुपये की थी. रजत ने 10 रुपये देकर टिकट मांगी. लेकिन किराया 11 रुपये होने पर परिचालक ने उससे 1 रुपया और मांगा. जिसपर दोनों की तू मैं शुर हो गई. जो बढ़ते हए मारपीट में बदल गई.
बीच सड़क पर बस उतारकर लोहे के रॉड से पीटा
उसी समय बस में बैठे कंडक्टर के जान-पहचान वाले भगवानाराम ने भी पीड़ित से बहस शुरू कर दी, जिससे मामला और गरमा गया. आरोप है कि उसने रजत को मालिसर बस स्टैंड पर उतरने नहीं दिया और अपने जान-पहचान वालों को अगले बस स्टैंड पर बुलाकर बस से बाहर रजत को खींचते हुए उसे डंडों और लोहे की रॉड से बुरी तरह पीटा. वही, मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह घायल रजत को बचाया.
नाबालिग हालत बनी गंभीर
वहां मौजूद लोगों की मदद से लहूलुहान हालत में रजत को पहले भादरा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. परिजन उसे हिसार लेकर पहुंचे, जहां इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है. जिसके बाद परिजनों ने बस चालक और उसके सहयोगी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है.
पुलिस की कार्रवाई
मामले को लेकर एएसपी गीता चौधरी ने बताया कि फिलहाल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भगवानाराम, मानसिंह और चुन्नीलाल को राउंडअप कर लिया है, जबकि फरार आरोपित राकेश और प्रदीप की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं. मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें; Met Gala 2026: महारानी गायत्री देवी की साड़ी में राजकुमारी गौरवी का रॉयल डेब्यू, भाई पद्मनाभ संग दी रॉयल अपीयरेंस