अजमेर शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं. हालात ऐसे हैं कि शायद ही कोई दिन गुजरता हो, जब शातिर चोर किसी न किसी वारदात को अंजाम न दे रहे हों. अब चोरों ने शहर में बन रहे निर्माणाधीन मकानों और बड़े प्रोजेक्ट्स को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है. ताजा मामला लोहागल रोड स्थित एक निर्माणाधीन अस्पताल परिसर का सामने आया है, जहां चोरों ने गोदाम के ताले तोड़कर लाखों रुपए का सामान पार कर दिया.
6 मार्च को हुई चोरी
जानकारी के अनुसार, लोहागल रोड पर ज्ञानोकार मेमोरियल न्यू लाइफ हॉस्पिटल का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसे मल्टी स्पेशियलिटि अस्पताल के रूप में तैयार किया जा रहा है. अस्पताल के प्रबंधक राजेंद्र शर्मा ने बताया कि 6 मार्च की सुबह दो शातिर चोर दीवार कूदकर अस्पताल परिसर में घुस गए. इसके बाद उन्होंने परिसर में बने तीन गोदामों को निशाना बनाया.
करीब 10 लाख की चोरी
चोरों ने दो गोदामों के ताले तोड़ दिए, जबकि एक गोदाम का ताला नहीं टूटने पर उसका गेट ही तोड़ डाला. प्रबंधक के अनुसार, चोर गोदामों में रखा कॉपर वायर और अन्य कीमती निर्माण सामग्री चोरी कर ले गए. चोरी हुए सामान की कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है. पूरा वारदात अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई है, जिसमें दो संदिग्ध व्यक्ति परिसर में घुसते और सामान ले जाते दिखाई दिए.
पुलिस थाने में दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से शहर के लोगों और निर्माण स्थलों पर काम कर रहे लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है.
यह भी पढ़ें: 150 साल बाद बाहर निकाली दादा गुरुदेव महाराज की पवित्र चादर, 1.08 करोड़ भक्त पूरे विश्व में कर रहे इकतीसे का पाठ