Rajasthan News: राजस्थान के बूंदी जिले के लंका गेट निवासी 48 वर्षीय जगदीश राठौर के लिए बुधवार का दिन काल बनकर आया. वह अपने साथी के साथ बाइक पर नमाना जा रहे थे, तभी धनवा गांव के पास तेज आंधी शुरू हो गई. इसी दौरान सड़क पर काफी नीचे तक झूल रही 11 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन अचानक उनकी बाइक और शरीर से टकरा गई. जोरदार करंट लगते ही जगदीश बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और उनका शरीर लहूलुहान हो गया.
गले की मांसपेशियां और जीभ कटकर सांस की नली में फंसी
घायल जगदीश को जब जिला अस्पताल लाया गया, तो उनकी हालत देख डॉक्टर भी दंग रह गए. 11 हजार KV के करंट की वजह से गले की मांसपेशियां और जीभ कटकर सांस की नली में फंस गई थी. जगदीश को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी और शरीर से खून का फव्वारा फूट रहा था. डॉक्टर आशीष व्यास और उनकी टीम ने तुरंत इमरजेंसी सर्जरी शुरू की. डॉक्टरों ने गला चीरकर सांस लेने का वैकल्पिक रास्ता बनाया, तब जाकर उनकी जान बच सकी. ऑपरेशन के दौरान उनके चेहरे और शरीर पर करीब 100 टांके लगाने पड़े और दो यूनिट खून भी चढ़ाया गया.
'हेलमेट पहन रखा था इसके बावजूद हुई ये हालत'
हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क पर झूलती हुई मौत की इन लाइनों के बारे में बिजली विभाग को कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंगी. हादसे के वक्त तार सड़क के इतने पास था कि हेलमेट पहनने के बावजूद जगदीश खुद को बचा नहीं सके.
हालत अब भी नाजुक, प्रशासन से जवाब की मांग
जगदीश राठौर फिलहाल अस्पताल में निगरानी में हैं और उनकी स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है. ग्रामीण और परिजन अब दोषी बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और मुआवजे की मांग कर रहे हैं.
हादसे के बाद जागा बिजली विभाग
बूंदी विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता सीपी गुप्ता ने बताया कि मामले की पूरी जानकारी उन्हें प्राप्त हो चुकी है. उन्होंने कहा कि मौके पर टीम भेजी जा रही है, जो झूल रही विद्युत लाइनों और पोल से संबंधित समस्याओं को जल्द ठीक करेगी. उन्होंने यह भी कहा कि युवक के विद्युत लाइन की चपेट में आने से घायल होने की सूचना जरूर सामने आई है, लेकिन जब तक पूरी जांच रिपोर्ट सामने नहीं आ जाती, तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. फिलहाल विभाग द्वारा शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है और संबंधित स्थान पर सुधार कार्य कराया जा रहा है.
ये भी पढ़ें:- कोटा की बेटी ने एशियन चैंपियनशिप में जीता GOLD, कजाकिस्तान की बॉक्सर को धूल चटाकर मंगोलिया में गाड़ा तिरंगा