भरतपुर: रुदावल थाना क्षेत्र के गांव सिंघाड़ा में बुधवार-गुरुवार देर रात प्रेम प्रसंग को लेकर 19 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान सौरभ जाटव पुत्र भीम सिंह जाटव निवासी सिंघाड़ा के रूप में हुई है. घटना के बाद गांव में दो पक्षों के बीच भारी तनाव है.
प्रेमिका से मिलने गया था युवक
जानकारी के मुताबिक, सौरभ का गांव में ननिहाल आई एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था. बुधवार देर रात करीब 11 बजे सौरभ घर से 200 मीटर दूर एक खेत में युवती से मिलने पहुंचा था. इसी दौरान युवती के परिजनों और कुछ ग्रामीणों ने दोनों को साथ देख लिया. आरोप है कि गुस्साए परिजनों ने सौरभ पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. उसे अधमरा होने तक पीटा गया.
सूचना मिलते ही सौरभ के परिजन और रुदावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. लहूलुहान हालत में सौरभ को रुदावल सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शव को मोर्चरी में रखवाकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया.
चाचा ने पुरानी रंजिश बताई वजह
हालांकि मृतक के परिजन प्रेम प्रसंग की बात से इनकार कर रहे हैं. सौरभ के चाचा अर्जुन सिंह का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों से उनकी पुरानी रंजिश है. उन्होंने बताया, सौरभ रोज की तरह दौड़ने गया था. रंजिश के चलते घेरकर उसकी हत्या कर दी गई. हमने आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज करा दिया है.
पुलिस-प्रशासन अलर्ट
घटना के बाद कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरिराम कुमावत, डीएसपी बयाना रवींद्र कुमार और रुदावल थानाधिकारी नरेश शर्मा भारी पुलिस जाब्ते के साथ गांव पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए और दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने की अपील की. एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात है.
फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. इस मामले में पुलिस अधिकारियों ने अभी आधिकारिक बयान नहीं दिया है.
यह भी पढ़ें: नाबालिग के धर्मांतरण की कोशिश पर भड़का राजसमंद, हिंदू संगठनों ने बंद किया पूरा कस्बा; चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात