'2 साल बनाम 5 साल ' जूली का राठौड़ को जवाब- 19 कॉलेजों का आपने लोकार्पण किया उनमें से 18 कांग्रेस ने बनाये हैं 

टीकाराम जूली ने कहा, ''कम से कम विश्लेषण में तो ईमानदारी लेकर आइए. आपको तथा मुख्यमंत्री जी को पता है कि भाजपा सरकार 2 साल बनाम 5 साल में कहीं नहीं टिकती इसलिए बहस का मुद्दा बदलकर केवल 2 साल की उपलब्धियों पर चर्चा किया गया.''

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Rajasthan News: राजस्थान के भाजपा सरकार और कांग्रेस के बीच 2 साल बनाम 5 साल की बहस जारी है. इस बीच दोनों तरफ से विकास के दावे किये जा रहे हैं. पहले राजेंद्र राठौड़ ने ट्वीट के ज़रिये कहा कि गहलोत जी, विगत सरकार के समय कानून-व्यवस्था की स्थिति और महिला अपराधों के बढ़ते मामलों को भी प्रदेश की जनता भूली नहीं है.

अब इस मामले में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राठौड़ को जवाब दिया है. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, आदरणीय राठौड़ साहब, केवल 3 आंकड़े आपके सामने रख रहा हूं जो 5 साल बनाम 2 साल की बहस को सारगर्भित करने के लिए काफी हैं.

1. कांग्रेस सरकार में राजस्थान की अर्थव्यवस्था की विकास दर 2022-23 में 12.80%, 2023-24 में 12.85% थी जो भाजपा सरकार में गिरकर 2024-25 में 11.77% तथा 2025-26 में और गिरकर 10.24% आ गई है.
2. प्रति व्यक्ति आय बढ़ने की रफ्तार का दर 2023-23 में 11.12%, 2023-24 में 12.05% था जो भाजपा सरकार में कम होकर 2024-25 में 10.82% तथा 2025-26 में 9.32% रह गया है.
3. राजस्थान में जनवरी 2024 से लेकर नवंबर 2025 तक 11,779 रेप के मुकदमे दर्ज हुए हैं यानी रोजाना 15 रेप केस दर्ज हुए हैं.

तुलना करेंगे तो भाजपा सरकार कहीं टिकती

जूली ने आगे कहा, ''विकास के मानकों पर तुलना करेंगे तो भाजपा सरकार कहीं टिकती भी नहीं है. 28 फरवरी को भाजपा सरकार जिन 19 कॉलेजों का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से करवा रही है उनमें से 18 कांग्रेस सरकार के दौरान ही घोषित होकर बनना शुरू हुए हैं. इन्हे भी भाजपा सरकार अपनी उपलब्धि बताती है. कम से कम विश्लेषण में तो ईमानदारी लेकर आइए. आपको तथा मुख्यमंत्री जी को पता है कि भाजपा सरकार 2 साल बनाम 5 साल में कहीं नहीं टिकती इसलिए बहस का मुद्दा बदलकर केवल 2 साल की उपलब्धियों पर चर्चा किया गया.''

Advertisement

यह भी पढ़ें- मकराना में कबूतरों पर लाखों का दांव, व्हाट्सएप ग्रुप से आयोजित होती थीं अवैध प्रतियोगिताएं