अजमेर में 20 साल की युवती का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म और हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने युवती के पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे एक युवक अपने कुछ साथियों के साथ युवती के घर पहुंचा. आरोप है कि युवक जबरन युवती को कार में डालकर अपने साथ ले गया.
रेप के बाद युवती का दबाया गला
परिजनों के मुताबिक, आरोपी युवती को सुनसान पहाड़ी क्षेत्र में ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया, और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई. घटना के बाद आरोपी युवक ने खुद भी जहरीला पदार्थ खा लिया. बताया जा रहा है कि युवक ने अपनी दादी को फोन कर कहा कि उसने जहर खा लिया है.
युवती की लाश के पास अचेत पड़ा था युवक
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां युवक बेसुध हालत में पड़ा मिला, और पास में युवती का शव पड़ा था. दोनों को तुरंत किशनगढ़ के राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल लाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवक का उपचार जारी है.
रेप और हत्या का मामला दर्ज
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे. सीओ ग्रामीण रामचंद्र चौधरी ने बताया कि मृतका के पिता की रिपोर्ट पर अपहरण, दुष्कर्म और हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है.
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव
पुलिस अब आरोपी युवक के स्वस्थ होने का इंतजार कर रही है, जिसस उससे पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जा सके. पुलिस आरोपी के साथ आए अन्य युवकों की भूमिका की भी जांच कर रही है.घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश का माहौल है, और परिजन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में इस सप्ताह भीषण गर्मी की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट