विज्ञापन

अपने ही परिवार में प्यार! लड़की की शादी कहीं और तय हुई तो तुड़वा दिया रिश्ता, परिजनों ने पीट-पीटकर मार डाला

सवाई माधोपुर के झोंपड़ा गांव में एक शादीशुदा युवक को प्रेम प्रसंग के शक में मौत के घाट उतार दिया गया। गलवा नदी किनारे लोहे के सरियों से पीटकर उसके शरीर पर 17 गहरे जख्म दिए गए.

अपने ही परिवार में प्यार! लड़की की शादी कहीं और तय हुई तो तुड़वा दिया रिश्ता, परिजनों ने पीट-पीटकर मार डाला
सवाई माधोपुर मर्डर: 17 जख्म और एक वायरल वीडियो, क्या पुलिस सच छिपा रही थी? (सांकेतिक तस्वीर)
ChatGPT

Sawai Madhopur News: राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा थाना क्षेत्र से रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है. झोंपड़ा गांव के 21 वर्षीय शादीशुदा युवक सोनू उर्फ अंगद मीणा की प्रेम प्रसंग के शक में बेहरमी से हत्या कर दी गई. यह मामला सिर्फ एक मर्डर भर नहीं है, बल्कि सिस्टम की उस चुप्पी की कहानी भी है जिसने 4 दिनों तक इस जघन्य अपराध को मीडिया से छिपाए रखा. लेकिन एक वायरल वीडियो ने खाकी और रसूखदारों के इस गठजोड़ की पोल खोल दी है.

षड्यंत्र के तहत नदी किनारे बुलाया

चौथ का बरवाड़ा थाना अधिकारी महेंद्र कुमार शर्मा के अनुसार, आरोपी और पीड़ित पक्ष एक ही परिवार से ताल्लुक रखते हैं. आरोपियों को शक था कि उनके परिवार की एक लड़की से सोनू का संपर्क है. लड़की की शादी तय हो चुकी थी. जब सोनू को इसकी खबर मिली तो उसने लड़की के ससुराल में फोन करके रिश्ता तुड़वा दिया. इसी नाराजगी में मुकेश मीणा, हरिमोहन मीणा, रूमाली देवी, सुनीता और उनकी मां शांति देवी ने एक खौफनाक साजिश रची. सोनू को गलवा नदी के पास बुलाया गया, जहां पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे के सरियों से उस पर हमला कर दिया.

शरीर पर 17 चोटें, सिर पर वार से मौत

सोनू को तब तक पीटा गया जब तक वह बेसुध नहीं हो गया. आरोपी उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर भाग निकले. जब परिजन उसे अस्पताल ले गए, तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मेडिकल जांच में जो सामने आया वह दिल दहला देने वाला है. सोनू के शरीर पर 17 जगह चोट के निशान मिले हैं. हमलावरों ने लोहे के सरियों का इस्तेमाल कर उसके सिर पर गंभीर वार किए, जो उसकी मौत का मुख्य कारण बने.

पुलिस ने 4 आरोपियों को हिरासत में लिया

हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी वारदात को स्थानीय प्रशासन और परिजनों ने मीडिया की नजरों से दूर रखने का भरसक प्रयास किया. चार दिनों तक इस खबर को दबाया गया, लेकिन जैसे ही मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पुलिस की नींद टूटी. फिलहाल, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर 4 आरोपियों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ जारी है.

इसे भी पढ़ें: राजस्थान में गैस संकट: 30 हजार शादियों का बजट बिगड़ा, 25000 रुपये तक बढ़ा खर्च

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close