राजस्थान में 4 जिलों में लगाए जाएंगे 591 EV चार्जिंग स्टेशन, केंद्र सरकार से मिली मंजूरी

591 ईवी चार्जिंग स्टेशन के लिए केंद्र सरकार की ओर से 81.12 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई है. जिससे 262 स्थानों पर 591 ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
फाइल फोटो

Rajasthan EV Charging Station: राजस्थान में केंद्रीय योजना के तहत इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के लिए शहरी क्षेत्र और राजमार्गों पर सस्ती चार्जिंग सुविधा बढ़ाने के लिए पहल किया गया है. इसके लिए राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम की योजना को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है. बताया जा रहा है कि इसके लिए 81.12 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई है. इसके तहत प्रदेश की चारों स्मार्ट सिटी और राजमार्गों के 262 स्थानों पर 591 ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे. इससे राज्य में ईवी चार्जिंग के ढांचे को मजबूती मिलेगी.

राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम ने दिया था केंद्र को प्रस्ताव

एक बयान के अनुसार, राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम ने प्रधानमंत्री ई-ड्राइव योजना के तहत प्रदेश में नए ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत किया था. केंद्र सरकार से इसकी मंजूरी मिलना राज्य में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने और ईवी के उपभोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

Advertisement

4 जिले समेत राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर होगा चार्जिंग स्टेशन

ई-ड्राइव योजना के तहत जयपुर में 112, अजमेर में 49, उदयपुर में 39, कोटा में 28 और 34 चार्जिंग स्टेशन राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर लगाए जाएंगे. ये सभी चार्जिंग स्टेशन सरकारी विभागों की जमीन पर स्थापित किए जाएंगे. इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले ईवी उपयोगकर्ताओं को सुविधा मिलेगी.

राज्य में प्रदूषण रहित इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और स्वच्छ, हरित ऊर्जा को आमजन तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त होगा.

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में सरकारी आदेशों की उड़ी धज्जियां, ड्राइ डे पर जमकर खुलेआम बिकी शराब