ACB Action: राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम घूसखोर अधिकारियों और कर्मचारियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है. 8 अप्रैल को दौसा में रोडवेज कार्यालय में छापेमारी कर मुख्य प्रबंध को ट्रैप किया गया. वहीं दूसरी ओर हनुमानगढ़ में भी एसीबी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व पटवारी को रिश्वत लेते ट्रैप किया है. एसीबी ने आरोपी राजस्व पटवारी प्रदीप कुमार को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.
बताया जा रहा है कि आरोपी प्रदीप कुमार जो हनुमानगढ़ में नोहरा तहसील में पदस्थ है उसे 12000 रुपये रिश्वत लेते हुए एसीबी की टीम ने रंगे हाथ ट्रैप किया है.
15000 रुपये रिश्वत के लिए कर रहा था परेशान
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी हनुमानगढ़ को एक शिकायत मिली कि प्रदीप कुमार राजस्व पटवारी पटवार परिवादी के पिता और चाचा के नाम वसीयत से इंतकाल दर्ज करने की एवज में परिवादी से 15000 रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था. और इसके लिए उसे परेशान किया जा रहा है. शिकायत के बाद मामले का सत्यापन कराया गया. वहीं ट्रैप कार्रवाई के लिए जाल बिछाया गया.
ट्रैप कार्रवाई में राजस्व पटवारी प्रदीप कुमार परिवादी से 12000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है. वहीं अब इस मामले में पूछताछ की जा रही है.
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है. एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा.
यह भी पढ़ेंः ACB Action: राजस्थान रोडवेज पर एसीबी की बड़ी कार्रवाई, मुख्य प्रबंधक 20000 रुपये रिश्वत लेते हुआ ट्रैप