ACB ने पटवारी को 15000 की रिश्वत लेते किया ट्रैप, साढ़े 5 बीघा ज़मीन के मामले में हुआ ऐक्शन

कोटपूतली बहरोड़ में एसीबी ने एक पटवारी को रिश्वत की शिकायत मिलने के बाद ट्रैप किया और रंगे हाथ गिरफ्तार किया.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
पटवारी अतुल कुमार यादव
NDTV

राजस्थान में सरकारी काम में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की मुहिम के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (Anti Corruption Bureau) लगातार कार्रवाई कर रहा है. एसीबी ने एक दिन पहले, 23 फरवरी को गंगापुर सिटी में एक बड़ी कार्रवाई की थी और एक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (BCMHO)डॉ. बत्तीलाल मीणा को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था जिसकी बड़ी चर्चा हुई. एक दिन बाद, आज मंगलवार 24 फरवरी को कोटपूतली बहरोड़ में ACB ने एक पटवारी को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.

एसीबी के अलवर मुख्यालय की कार्रवाई

एसीबी की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवार हल्का खोहरी, तहसील बानसूर, जिला कोटपूतली-बहरोड़ के पटवारी अतुल कुमार यादव को ट्रैप किया है. यह कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी अलवर प्रथम द्वारा की गई. जानकारी के अनुसार पटवारी के रिश्वत मांगने के बारे में एसीबी के पास शिकायत दी गई थी. इसमें कहा गया था कि परिवादी ने ग्राम खोहरी में साढ़े पांच बीघा जमीन से संबंधित काम के लिए रिश्वत की मांग की थी.

Advertisement

पटवारी डाल रहा था दबाव

परिवादी ने बताया कि उसने 22 जनवरी 2026 को  अपने और अपनी भाभी के नाम से खरीदी थी. इस जमीन की रजिस्ट्री भी उसी दिन तहसीलदार बानसूर कार्यालय में करवा दी गई थी. आरोप है कि खरीदी गई भूमि का इंतकाल खोलने और राजस्व रिकॉर्ड से रहन का अंकन हटाने के बदले पटवारी अतुल कुमार यादव ने 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी और इसके लिए उसे लगातार परेशान कर रहा था.

एसीबी टीम ने इसके बाद शिकायत का सत्यापन किया और पाया कि पटवारी ने सही में रिश्वत की मांग की थी. इसके बाद उप महानिरीक्षक पुलिस अनिल कयाल के सुपरविजन में तथा एसीबी चौकी अलवर प्रथम के प्रभारी उप अधीक्षक पुलिस शब्बीर खान के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई. टीम ने आरोपी को परिवादी से 15 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया. अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव की निगरानी में आरोपी से पूछताछ की जा रही है.

ये भी पढ़ें-: Rajasthan: भरतपुर थाने में आधी रात में लड़की लाना दो कांस्‍टेबल को पड़ा महंगा, SP ने ल‍िया एक्‍शन