ACB Action in Health Department: भ्रष्टाचार के खिलाफ राजस्थान के गंगापुर सिटी में बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) सवाई माधोपुर इकाई ने खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी (BCMHO) गंगापुर सिटी डॉ. बत्तीलाल मीणा को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के बाद चिकित्सा विभाग सहित प्रशासनिक महकमे में हंगामा मच गया है. बताया जा रहा है कि 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी, वहीं 25 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ ट्रैप किया गया है.
पदस्थापन के नाम पर मांगी गई रिश्वत
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी सवाई माधोपुर को एक परिवाद प्राप्त हुआ था, जिसमें शिकायतकर्ता एएनएम ने आरोप लगाया कि उसे व्यवस्थार्थ पदस्थापन स्थान से वापस मूल पदस्थापन स्थान पर लगाने की एवज में 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी. रिश्वत नहीं देने पर उसे लगातार परेशान किया जा रहा था. शिकायत मिलने पर एसीबी टीम ने पहले शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें आरोपी द्वारा 5 हजार रुपए पूर्व में प्राप्त करना सामने आया. इसके बाद शेष 25 हजार रुपए की रिश्वत राशि लेने की पुष्टि होने पर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई.
एसीबी टीम ने बिछाया जाल
एसीबी टीम ने सोमवार (23 फरवरी) को कार्रवाई करते हुए डॉ. बत्तीलाल मीणा को परिवादी से 25 हजार रुपए रिश्वत लेते ही दबोच लिया. आरोपी को मौके पर ही डिटेन कर लिया गया. कार्रवाई गंगापुर सिटी स्थित कार्यालय में की गई, जहां एसीबी टीम द्वारा दस्तावेजों की जांच, साक्ष्य संकलन और अन्य कानूनी प्रक्रिया जारी है.
उच्च अधिकारियों की निगरानी में जांच
पूरी कार्रवाई एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन तथा महानिरीक्षक पुलिस राजेश सिंह के निर्देशन में की गई. एसीबी द्वारा आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है.
रिटायरमेंट से पहले कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार आरोपी अधिकारी डॉ. बत्तीलाल मीणा का कुछ महीनों बाद सेवानिवृत्त होना प्रस्तावित था. ऐसे में रिटायरमेंट से पहले हुई इस कार्रवाई ने चिकित्सा विभाग में चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है. एसीबी ने आमजन से अपील की है कि किसी भी सरकारी कार्यालय में रिश्वत मांगने की स्थिति में तुरंत एसीबी से संपर्क करें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
यह भी पढ़ेंः नशा बेचने से टोका तो 17 साल के किशोर की चाक़ू से कर दी हत्या, जयपुर की भट्टा बस्ती का मामला