सीकर के खंडेला इलाके में एक फौजी के अपहरण का मामला सामने आया है. रात को बाइक से गांव जा रहे फौजी का बदमाशों ने अपहरण कर लिया. घटना की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया और युवक की तलाश शुरू की. फौजी का कोई सुराग नहीं मिला.
कार में डालकर ले गए बदमाश
थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह देगड़ा ने बताया कि रात 10 बजे सूचना मिली थी कि श्रीराम सिहाग भारतीय सेना में कार्यरत है. कुछ लोग उसे वाहन में डालकर ले गए. गांव वालों का कहना है कि वह अपनी बाइक पर सवार होकर अपने गांव केरपुरा आ रहा था. इस दौरान कुछ बदमाश वाहन में उसे डालकर ले गए. थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस ने नाकाबंदी करवाई है. फौजी की तलाश की जा रही है व दोषियों का पता लगा रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जवान की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है.
कार से आए थे बदमाश
श्रीराम सिहाग पिछले तीन महीने से छुट्टी पर गांव में था. घर पर पढ़ाई करता था. रात में बाइक से अपने गांव जा रहा था. बदमाशों ने उनका अपहरण कर लिया. आसपास के लोगों ने बताया कि बदमाश कार से आए थे. जबरन उन्हें गाड़ी में बैठाकर फरार हो गए. बाइक वहीं पर छोड़ गए.
यह भी पढ़ें: आमेर महल के गाइड की हत्या पर जयपुर में मचा बवाल, दुकानें और महल जाने वाले सभी रास्ते बंद; भारी फोर्स तैनात